आजमगढ़ में 25-25 हजार के इनामी दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
आजमगढ़ के तहबरपुर में पुलिस मुठभेड़ में 25-25 हजार के इनामी दो अंतरजनपदीय चोर गिरफ्तार किए गए। दोनों बदमाशों के ...और पढ़ें
HighLights
आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़ में दो इनामी बदमाश गिरफ्तार।
दोनों अंतरजनपदीय चोरों के पैर में लगी गोली।
बदमाशों से तमंचे, कारतूस और नकदी बरामद हुई।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। तहबरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और 25-25 हजार रुपये के इनामी अंतरजनपदीय चोर गिरोह के दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी तहबरपुर भेजा गया। उनके कब्जे से दो तमंचे, तीन जिंदा व दो खोखा कारतूस तथा 15,250 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बरेली निवासी दिलशाद और शाहजहांपुर निवासी सोनू अली उर्फ असगर के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से फरार थे और इन पर एसएसपी ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस के अनुसार गिरोह के चार अन्य सदस्य पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अब तक पूरे गिरोह के छह बदमाश पकड़े जा चुके हैं।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे एसयूवी से गांवों की रेकी कर रात में छत या पीछे के रास्ते घरों में घुसते थे और मशीन से ताले काटकर जेवरात व नकदी चोरी करते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह ने आजमगढ़ के अलावा गाजीपुर, बलिया, जौनपुर और अंबेडकरनगर में भी वारदातें की हैं। दोनों आरोपितों के खिलाफ अलीगढ़, आजमगढ़ और अंबेडकरनगर में कुल 20 मुकदमे दर्ज हैं।
