जमुना गैंग के गैंग्सटर एक्ट के दो 25-25 हजार के इनामी गिरफ्तार, वाराणसी और भदोही तक फैला नेटवर्क
आजमगढ़ पुलिस ने जमुना गैंग के दो इनामी बदमाशों सुमित यादव और प्रद्युम्मन यादव को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश ...और पढ़ें

आजमगढ़ में जमुना गैंग के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार वाराणसी भदोही तक फैला नेटवर्क।
HighLights
जमुना गैंग के दो इनामी बदमाश आजमगढ़ में गिरफ्तार।
सुमित यादव और प्रद्युम्मन यादव पर 25-25 हजार का इनाम।
गैंग का आपराधिक नेटवर्क वाराणसी और भदोही तक फैला।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। तरवा थाना की पुलिस ने शनिवार को गैंग्सटर एक्ट के 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाश जामवन्त यादव उर्फ जमुना गैंग के सदस्य हैं। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सुमित यादव निवासी झरिहंगपुर और प्रदुम्मन यादव निवासी मन्नीपुर, थाना कोईरौना, जनपद भदोही के रूप में हुई है।
दोनों बदमाशों को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तरवा एवं मेहनाजपुर सीमा पर नूरपुर भंवरपुर गांव के पास से सुबह करीब 9.35 पर गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि गैंग का आपराधिक नेटवर्क आजमगढ़ के साथ वाराणसी और भदोही तक फैला है। गैंग के दो अन्य सदस्यों जामवन्त यादव उर्फ जमुना व हीरालाल यादव को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
एसओ ने बताया कि दोनों वाराणसी के मिर्जामुराद थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित थे। विवेचना में जामवन्त यादव उर्फ जमुना, सुमित यादव और प्रदुम्मन यादव के नाम सामने आए थे। दोनों की गिरफ्तारी न होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार ने छह सितंबर को 25-25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया था।
जामवन्त पर 32, हीरालाल पर चार मुकदमे : एसओ राजीव सिंह ने बताया कि गैंग के प्रमुख सदस्य जामवन्त यादव उर्फ जमुना के विरुद्ध लूट, हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंग्सटर एक्ट, अवैध असलहा और एनडीपीएस एक्ट समेत 32 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आजमगढ़ के विभिन्न थानों के साथ सैदपुर (गाजीपुर) और मिर्जामुराद (वाराणसी) के मुकदमे शामिल हैं।
वहीं हीरालाल यादव के विरुद्ध तरवा थाने में हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और एससी-एसटी एक्ट के चार मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि सुमित यादव के विरुद्ध भदोही के औराई थाने में हत्या, हत्या के प्रयास, धमकी व शस्त्र अधिनियम तथा गैंग्सटर एक्ट के मुकदमे समेत तीन मुकदमे दर्ज हैं। प्रदुम्मन यादव के विरुद्ध मिर्जामुराद थाने में लूट और शस्त्र अधिनियम से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं। दोनों बदमाशों को विधिक कार्रवाई के जेल भेज दिया गया।
