पहले माथे लगाया और फिर हनुमानजी का चांदी का मुकुट और दुर्गा माता की सोने की नथिया चोरी कर ली, आजमगढ़ में सीसीटीवी में घटना कैद
आजमगढ़ के सरायमीर स्थित श्रीरामजानकी मंदिर से एक महिला ने चांदी का मुकुट और सोने की नथिया चुरा ली। यह ...और पढ़ें
HighLights
महिला ने आजमगढ़ मंदिर से चांदी का मुकुट चुराया।
सोने की नथिया भी चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई घटना।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश में।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। पहले दिखाई आस्था फिर चोरी कर अपनी नीयत भी दिखा दी। पूरा मामला आजमगढ़ जिले में मंदिर में सीसीटीवी में कैद हुआ है। सरायमीर नगर के नई बाजार स्थित श्रीरामजानकी मंदिर से शनिवार को चांदी का मुकुट और सोने की नथिया एक महिला ने चोरी कर ली। चोरी की पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सीसीटीवी फुटेज में चोरी करने वाली महिला का चेहरा पूरी तरह से स्पष्ट दिखाई दे रहा है। मंदिर समिति के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2:38 से 2:45 बजे के बीच एक अज्ञात महिला मंदिर में पहुंची। उसने श्री हनुमानजी का चांदी का मुकुट और श्री दुर्गा माता की सोने की नथिया चोरी कर ली और वहां से चली गई।
कुछ देर बाद चोरी की जानकारी होने पर मंदिर समिति के सदस्यों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला, जिसमें महिला की गतिविधियां कैद मिलीं। घटना की जानकारी सरायमीर कोतवाली पुलिस को लिखित रूप से दी गई। शनिवार रात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। मंदिर समिति ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सीसीटीवी फुटेज में दिख रही महिला को पहचानता हो या उसके बारे में कोई जानकारी रखता हो तो पुलिस को सूचना दे, जिससे चोरी की घटना का राजफाश करने में मदद मिल सके।
