पथराव से बिगड़ते-बिगड़ते बचा गांव का माहौल
जागरण संवाददाता फरिहा (आजमगढ़) रानी की सराय थाना क्षेत्र के रोवां गांव में शनिवार की रात पथराव से स्थिति तनावपूर्ण हो गई लेकिन समय से पहुंचकर पुलिस ने माहौल को शांत करा दिया। इससे पहले दोपहर में भी विवाद हुआ था लेकिन उस समय भी गांव के संभ्रांत लोगों के हस्तक्षेप से बात आगे नहीं बढ़ी।
जागरण संवाददाता, फरिहा (आजमगढ़) : रानी की सराय थाना क्षेत्र के रोवां गांव में शनिवार की रात पथराव से स्थिति तनावपूर्ण हो गई लेकिन समय से पहुंचकर पुलिस ने माहौल को शांत करा दिया। इससे पहले दोपहर में भी विवाद हुआ था लेकिन उस समय भी गांव के संभ्रांत लोगों के हस्तक्षेप से बात आगे नहीं बढ़ी।
गांव के दो लोगों के बीच रास्ता बनवाने को लेकर दोपहर में विवाद हुआ था लेकिन कुछ संभ्रांत लोगों की मदद से मामला शांत हो गया। पुलिस ने पहुंचकर दोनों पक्षों को थाने पर बुलाकर समझाकर छोड़ दिया। गांव के एक व्यक्ति के यहां आयोजित वैवाहिक समारोह आजमगढ़ शहर में रविवार को होना था इसलिए एक दिन पहले ही गांव के लोगों को भोज दिया गया था। रात में लोग भोजन करके घर जा रहे थे कि इसी बीच एक पक्ष के लोगों की छत पर किसी ने पत्थर चला दिया। इसकी जानकारी अन्य लोगों को हुई तो आक्रोशित हो गए। 112 नंबर पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर एसपी सिटी कई थाने की फोर्स व पीएसी के साथ पहुंच गए। मौके पर स्थिति सामान्य लेकिन तनावपूर्ण बनी हुई है।
बताते हैं कि तीन साल पूर्व भी गांव में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव हुआ था। उसे ध्यान में रखते हुए मौके पर पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। प्रभारी निरीक्षक रानी की सराय केशव प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि कुछ लोग गांव का माहौल खराब करना चाहते थे लेकिन किसी की ओर से लिखित शिकायत नहीं की गई है।