घाघरा की बाढ़ से घिरी दो हजार घरों की आबादी
जागरण संवाददाता सगड़ी (आजमगढ़) तहसील क्षेत्र के उत्तरी हिस्से में बहने वाली घाघरा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि ने तटवर्ती इलाके के लोगों की बेचैनी बढ़ा दी है। हालांकि शनिवार को वृद्धि की रफ्तार मात्र एक सेमी रही। चक्की हाजीपुर में 160 घर की 1000 तथा बांका बूढ़नपट्टी के
जागरण संवाददाता, सगड़ी (आजमगढ़) : तहसील क्षेत्र के उत्तरी हिस्से में बहने वाली घाघरा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि ने तटवर्ती इलाके के लोगों की बेचैनी बढ़ा दी है। हालांकि शनिवार को वृद्धि की रफ्तार मात्र एक सेमी रही। चक्की हाजीपुर में 160 घर की 1000 तथा बांका बूढ़नपट्टी के 80 घरों की 800 की आबादी बाढ़ से घिर गई है, जबकि एक दर्जन गांवों के रास्ते जलमग्न हो गए हैं। कई अन्य गांवों की ओर भी पानी तेजी से बढ़ रहा है, जिसे देख लोग सुरक्षित ठौर की तलाश करने लगे हैं। पशुओं के चारे और खुद के लिए जरूरी सामान लाने के लिए लोग निजी नाव का सहारा ले रहे हैं।
मल्लह का पुरवा, आराजी देवारा मशर्की, देवारा खास राजा, आराजी देवारा मगरबी, हाजीपुर, सौनौरा, बेलहिया आदि एक दर्जन गांव के रास्ते जलमग्न होने से लगभग 40 हजार की आबादी के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो गया है। इसके अलावा लगभग एक दर्जन गांवों के किसानों की ज्वार, बाजरा, गन्ना, धान, सब्जी की फसल जलमग्न होने से आर्थिक चोट पड़ना तय हो गया है।
महुला-गढ़वल बांध के मुख्य माप स्थल बदरहुआ शुक्रवार की शाम चार बजे खतरा बिदु 71.68 मीटर से ऊपर 71.82 मीटर दर्ज किया गया, जो शनिवार शाम एक सेमी बढ़कर 71.83 मीटर हो गया। डिघिया गेज पर शुक्रवार की शाम चार बजे खतरा बिदु 70.40 मीटर से ऊपर 70.98 तथा शनिवार की शाम 70.99 मीटर रिकार्ड किया गया।