नहीं निकली बारात, शादी के दिन दूल्हा प्रेमिका के साथ फरार
आजमगढ़ कंधरापुर थाना क्षेत्र के इशहाकपुर गांव निवासी सुरेश यादव पुत्र सूर्यनाथ यादव की शादी महाराजगंज थाना क्षेत्र के मोतीपुर गांव में एक युवती के साथ तय थी। शादी की तिथि मंगलवार को निर्धारित थी। मंगलवार की शाम को लड़की पक्ष के घर जाने वाली थी। इधर लड़की पक्ष भी बारातियों और आवभगत व शादी की तैयारी पूरी कर बारात आने का इंतजार कर रहे थे।
जासं, आजमगढ़ : कंधरापुर थाना क्षेत्र के इशहाकपुर गांव निवासी सुरेश यादव पुत्र सूर्यनाथ यादव की शादी महाराजगंज थाना क्षेत्र के मोतीपुर गांव में एक युवती के साथ तय थी। शादी की तिथि मंगलवार को निर्धारित थी। इधर लड़की पक्ष भी बारातियों और आवभगत व शादी की तैयारी पूरी कर बारात आने का इंतजार कर रहे थे। बताया जाता है कि जिस युवक की बारात जाने वाली थी। उक्त युवक का पहले से ही किसी अन्य युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमिका को जब शादी की जानकारी हुई तो वह अपने प्रेमी को फोन कर बुलाया। इधर मंगलवार की दोपहर लगभग दो बजे परिवार के लोग शादी कार्यक्रम में व्यस्त थे कि इस बीच उक्त युवक घर छोड़कर अपनी प्रेमिका के साथ फरार हो गया। काफी देर बाद भी जब व शाम तक वापस नहीं आया तो बारात लड़की पक्ष के दरवाजे पर नहीं पहुंची। इधर रात तक बारात ना आने पर लड़की पक्ष ने लड़का पक्ष को फोन किया तो उन्हें सारे मामले की जानकारी हुई। इस पर लड़की पक्ष के लोग मंगलवार की रात को कंधरापुर थाने पर पहुंच कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। लड़की पक्ष की शिकायत पर पुलिस लड़के के पिता को पूछताछ के लिए थाने पर लेकर आई। पूछताछ के बाद पुलिस ने लड़के के पिता को छोड़ दिया। कंधरापुर थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर शिव शंकर सिंह का कहना है कि घटना महराजगंज क्षेत्र की है। इसलिए लड़की पक्ष को महराजगंज थाना में रिपोर्ट दर्ज कराने भेज दिया गया है। वहां जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।