धान के बीज उत्पादन का दिया गया तकनीकी प्रशिक्षण
आजमगढ़ कृषि विज्ञान केन्द्र कोटवा में ।
धान के बीज उत्पादन का दिया गया तकनीकी प्रशिक्षण
जागरण संवाददाता, आजमगढ़: कृषि विज्ञान केंद्र कोटवा में सोमवार को धान के ’बीज उत्पादन तकनीक’ पर पांच दिवसीय रोजगारपरक प्रशिक्षण की शुरुआत हुई। केंद्र प्रभारी अधिकारी एवं कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रो. डीके सिंह ने बीज उत्पादन में उद्यमिता की संभावन पर चर्चा की। धान के बीज उत्पादन में समय-समय पर फसल की देखरेख व रोग आदि की जानकारी दी। प्रशिक्षण समन्वयक डा. अर्चना देवी ने न्यूक्लियस, ब्रीडर, फाउंडेशन व सर्टीफाइड बीजों व धान की उन्नतिशील प्रजातियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डा. विनय कुमार सिंह ने बीज शोधन व धान की नर्सरी डालने की तकनीकी के बारे में बताया। डा. विजय कुमार विमल ने मिट्टी नमूना लेने बारे में जानकारी दी। डा. रुद्र प्रताप सिंह ने धान की नर्सरी में लगने वाले रोग और कीट के बारे में बताया।डा. आरके सिंह ने धान की विभिन्न तकनीक से बोआई व खरपतवारों के बारे में बताया। डा. रणधीर नायक ने संतुलित पोषकतत्व प्रबंधन की जानकारी दी। प्रशिक्षण में किसानों को प्राकृतिक और जैविक खेती के बारे में जानकारी दी गई। प्रेमचंद यादव, अतुल कुमार, पुष्पा, निर्मला, लीलावती, सुशीला सहित 25 प्रशिक्षणार्थी शामिल हुए।