कक्षा पांच तक पढ़ा, फिर बना फर्जी डिप्टी एसपी, शराब का ठेका दिलाने के नाम पर 90 हजार की ठगी
आजमगढ़ में गंभीरपुर पुलिस और साइबर सेल ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो खुद को डिप्टी एसपी ...और पढ़ें

आजमगढ़ में फर्जी डिप्टी एसपी गिरफ्तार, शराब ठेके के नाम पर की लाखों की ठगी।
HighLights
फर्जी डिप्टी एसपी बनकर शराब ठेके का झांसा दिया।
वीडियो कॉल पर वर्दी पहनकर लोगों को प्रभावित करता था।
आरोपी संजय ने 90 हजार रुपये नकद ठगे थे।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। गंभीरपुर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने खुद को पुलिस का सीओ अधिकारी बताकर शराब का ठेका दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले आरोपित को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार कक्षा पांच तक पढ़े आरोपित ने डिप्टी एसपी की वर्दी पहनकर लोगों से वीडियो काल के जरिए संपर्क करता और खुद को पुलिस अधिकारी बताकर अपना प्रभाव जमाता था। आरोपित ने शराब का ठेका दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से 3.20 लाख की मांग की और 90 हजार नगद ले लिए थे।
सिधारी थाना क्षेत्र के सादीसराय निवासी रविप्रकाश ने 17 सितंबर को गंभीरपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि संजय नामक व्यक्ति ने स्वयं को पुलिस का सीओ अधिकारी बताते हुए शराब का ठेका दिलाने के नाम पर 3.20 लाख की मांग की। 30 अगस्त को उसने 90 हजार नगद ले लिए थे। शेष रकम दो सितंबर तक देने की बात कही गई थी।
पुलिस के अनुसार एक सितंबर को आरोपित ने पुलिस की वर्दी पहनकर मोबाइल फोन से वीडियो काल की। संदेह होने पर उसने आरोपित के बारे में जानकारी की तो उसके पुलिस अधिकारी नहीं होने का पता चला। इसके बाद गंभीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
18 सितंबर को गंभीरपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना व आरोपित की लोकेशन के आधार पर रानीपुर रजमो मोड़ के पास से संजय निवासी मगरावा थाना गंभीरपुर को 12.10 बजे गिरफ्तार कर लिया।
उसके पास से गलत तरीके से बनाए गए पुलिस अधिकारी पहचान पत्र, शराब ठेके का फर्जी आवंटन पत्र, डिप्टी एसपी की एक सेट पुलिस वर्दी और मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपित डिप्टी एसपी की वर्दी पहनकर वीडियो काल करता था और खुद को पुलिस विभाग का अधिकारी बताकर लोगों को प्रभावित करता था।
