विभिन्न मांगों को लेकर राज्य कर्मचारियों ने दिया धरना
विभिन्न मांगों को लेकर इंडियन पब्लिक सर्विस फेडरेशन के आह्वान पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने गुरुवार को रिक्शा स्टैंड पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
जासं, आजमगढ़ : इंडियन पब्लिक सर्विस फेडरेशन के आह्वान पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को रिक्शा स्टैंड पर धरना दिया और उसके बाद प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए जिला मंत्री सुभाष पांडेय ने बताया कि बार-बार कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर वार्ता का प्रयास किया गया लेकिन बार-बार अनुरोध करने के बाद भी औपचारिक वार्ता नहीं हो पाई। इसे लेकर कर्मचारी आक्रोशित हैं। जिलाध्यक्ष पीएन सिंह ने कहा कि सरकार का ध्यान कर्मचारियों की समस्याओं की ओर नहीं जा रहा है। इसके कारण कर्मचारियों को सड़क पर उतरने के लिए विवश होना पड़ा है। अगर सरकार समस्याओं का निस्तारण कर देती तो कर्मचारी आंदोलन नहीं करते। कर्मचारियों की मांगों में नई पेंशन समाप्त कर पुरानी पेंशन बहाली, दैनिक वेतनभोगी, आकस्मिक, संविदा, आपातकालीन ठेकेदारी प्रथा के तहत लगाए गए कर्मचारियों को नियमित करना, कर्मचारियों के आश्रितों की नियुक्ति व अंतिम वेतन के आधार पर पेंशन देना आदि शामिल हैं। धरने में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के सभी संबद्ध संगठनों के घटक रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद, प्रयोगशाला प्राविधिक संघ, एक्सरे टेक्नीशियन, राजकीय कुष्ठ कर्मचारी संघ, राजकीय मेडिकल कर्मचारी संघ आदि संगठनों ने समर्थन दिया। धरने में जशवंत सिंह, एसके मालवीय, मो. असलम, रामजतन यादव, ब्रह्मचारी राय, बेकारू यादव, सुबेदार यादव, मनोज राय, चंद्रशेखर सिंह, सर्वदेव राम, अनिल शर्मा, अशोक श्रीवास्तव, आरपी यादव आदि रहे। संचालन सुभाष चंद्र पांडेय ने किया।