श्रीराम के हाथों मारा गया रावण
- सरायमीर - मेले में देवी प्रतिमाओं के दर्शन को उमड़ी भीड़ -दोपहर बाद से ही कस्बे में पह
- सरायमीर
- मेले में देवी प्रतिमाओं के दर्शन को उमड़ी भीड़
-दोपहर बाद से ही कस्बे में पहुंचने लगे थे श्रद्धालु
जागरण संवाददाता, सरायमीर (आजमगढ़): सरायमीर कस्बे के दशहरा मेले में दुर्गा प्रतिमाओं का दर्शन करने के लिए दोपहर से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम शुरू हुआ, तो देर शाम तक बना रहा। लोगों ने देवी दर्शन के बाद राम-रावण युद्ध का मंचन देखा। राम के हाथों रावण का वध और उसके बाद पुतला दहन किया गया, तो चारों तरफ राम नाम का जयकारा लगने लगा। उसके बाद कस्बे में भगवान राम, लक्ष्मण और मां जानकी की आकर्षक झांकी निकाली गई।दर्शनार्थियों ने राम, लक्ष्मण व सीता के चरणों मे फूल अर्पित कर जहां अपने को धन्य माना, वहीं उन्हें फल खिलाकर अपनी मनोकामना पूर्ण होने की मन्नतें भी मांगी।
खरेवां मोड़ से नंदाव मोड़ तक लगे मेले में लोगों ने जमकर खरीदारी की।अन्य सामान की खरीदारी के साथ केला और चोटहिया जलेबी खरीदना लोग नहीं भूले।वहीं बच्चों का रुझान छोला, चाट, गोलगप्पा और खिलौनो की ओर रहा।महिलाओं ने श्रृंगार के सामान खरीदे तो पुरुषों ने घरेलू जरूरतों के सामान को तवज्जो दिया।
संजरपुर : सरायमीर कस्बे की संवेदनशीलता को ध्यान में रख सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।दो इंस्पेक्टर के अलावा 20 कांस्टेबल, छह महिला कांस्टेबल, डेढ़ सेक्शन पीएससी के अलावा जगह-जगह खुफिया कैमरे लगाए गए थे।भीड़ ज्यादा होने पर वाहनों का रास्ता बदल दिया जा रहा था। कस्बे में 14 मां दुर्गा प्रतिमा स्थापित की गई थीं। पंडालों के आसपास आयोजकों की ओर से भी वालंटियर तैनात किए गए थे।