घाघरा नदी में विलीन हुआ गरीब का अशियाना
जागरण संवाददाता सगड़ी जलस्तर में कमी दर्ज किए जाने के बावजूद घाघरा नदी का कहर जारी ह
जागरण संवाददाता, सगड़ी : जलस्तर में कमी दर्ज किए जाने के बावजूद घाघरा नदी का कहर जारी है। देवाराखास राजा गांव के बगहवा का पुरवा में मंगरु पुत्र कोमल अनहोनी की आशंका में गृहस्थी के सामान अन्यत्र ले जाने के अलावा व घर को उजाड़ने में कई दिनों से जुटे थे।
रविवार को आशंका सच साबित हुई उनका पक्का मकान एवं जानवरों के लिए बनाई गई मड़ई नदी में विलीन हो गई। परिवार के लोग पहले ही सुरक्षित स्थान पर चले गए थे।
घाघरा का जलस्तर कम होने पर लोगों ने राहत की सांस ली थी। लेकिन नुकसान का दायरा कम नहीं हो पा रहा है। आए दिन मकान, खेती योग्य जमीन घाघरा नदी में विलीन होती जा रही है। नदी के बहाव का रुख बढ़ने के कारण 17 परिवारों में भय व्याप्त है। उन्हें भी सिर से छत छिन जाने का खतरा सताने लगा है। देवारा खास राजा गांव में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के सभी कमरे घाघरा नदी में विलीन हो चुके हैं। शौचालय और किचन भी घाघरा नदी मुख्यधारा में समा जाने को आतुर है। उधर घाघरा नदी का जलस्तर मुख्य मापक बदरहुआ गेज पर शनिवार की शाम चार बजे बजे 70.15 मीटर तथा 24 घंटे बाद रविवार की शाम 4 बजे 70.15 मीटर पर ही दर्ज किया गया जो जलस्तर के स्थिर होने का संकेतक है। डिघिया गेज पर शनिवार की शाम चार बजे 69.05 मीटर तथा रविवार की शाम चार बजे 69.06 मीटर पर दर्ज किया गया। यहां 24 घंटे में एक सेंटीमीटर घाघरा नदी के जल स्तर में वृद्धि दर्ज की गई।