हत्यारों की तलाश में पुलिस कर रही छापेमारी
आजमगढ़ अखिल भारतीय प्रधान संगठन के बैनर तले शुक्रवार को दर्जनों प्रधानों ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई। प्रधानों का आरोप है कि कंधरापुर थाने की पुलिस ने प्रधान रेखा देवी के पति जिलाजीत को पुलिस ने फर्जी मुकदमे में फंसाया है। प्रधानों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
जासं, आजमगढ़ : कंधरापुर थाना क्षेत्र के ग्यासपुर गांव में हुई हत्या के मामले में पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। अभी तक मात्र चार आरोपित ही पुलिस के हत्थे चढ़े हैं, जबकि आरोपित प्रधानपति सहित चार आरोपित पुलिस की पकड़ से अब भी दूर हैं।
दूसरी तरफ जिलाजीत के पक्ष में अखिल भारतीय प्रधान संगठन के लोग उतर आए हैं। गुरुवार को एसपी को ज्ञापन सौंपकर प्रधानपति को निर्दोष बताया। संगठन का कहना है कि कंधरापुर थाने की पुलिस ने प्रधान रेखा देवी के पति जिलाजीत को पुलिस ने फर्जी मुकदमे में फंसाया है। इसकी जांच कराई जाए। गत 25 मार्च की देर शाम हरिराम निषाद के कुछ लोगों से पानी बहाने व रास्ते का विवाद हुआ और मारपीट हुई। इस मारपीट की घटना में कुछ लोग घायल भी हुए जिसमें उपचार के दौरान हरिराम की पत्नी मीरा देवी की मृत्यु हो गई। संगठन का कहना है कि हरिराम निषाद ने प्रधानपति जिलाजीत को फर्जी मुकदमे में फंसा दिया है। दूसरी तरफ मृतक पक्ष के घर पर अब भी कोहराम मचा हुआ है। मीरा देवी की मौत के बाद रिश्तेदारों का आगमन शुरू हो गया है और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ''प्रधानपति सहित किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस गिरफ्तारी के लिए हर संभावित स्थानों पर छापेमारी कर रहे हैं। जांच प्रक्रिया भी साथ-साथ चल रही है। जल्द ही सभी आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ जाएंगे।''
-अंशुमान यदुवंशी, थानाध्यक्ष कंधरापुर।