पुतला फूंका, चाइनीज सामानों के बहिष्कार का संकल्प
आजमगढ़ चीन के खिलाफ जनपदवासियों को आक्रोश थमता नहीं दिख रहा है। बुधवार को स्वदेशी जागरण मंच के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट चौराहे पर जिला संयोजक राम प्रकाश तिवारी के नेतृत्व में चीन का पुतला फूंका गया।
जागरण संवाददाता,आजमगढ़: चीन के खिलाफ जनपदवासियों में आक्रोश थमता नहीं दिख रहा है। बुधवार को स्वदेशी जागरण मंच के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट चौराहे पर जिला संयोजक राम प्रकाश तिवारी के नेतृत्व में चीन का पुतला फूंका गया। जबकि नारी शक्ति सेवा संस्थान की महिलाओं ने डॉ. पूनम तिवारी के नेतृत्व में चाइनीज सामानों के बहिष्कार का संकल्प लिया।
आक्रोशित लोगों ने कहा कि चीन हमेशा से भारत के प्रति द्वेष की भावना रखता रहा है। जब भी मौका मिला भारत की पीठ में खंजर घोपा है। जबकि भारत ने चीन के साथ हमेशा अच्छे पड़ोसी का व्यवहार किया है। चीन हमारी सीमा का अतिक्रमण करना चाहता है। एक बार फिर चीन हमारी धरती पर कब्जा करने की नियत से पहुंचा था, लेकिन हमारे वीर जवानों ने अपना बलिदान देकर चीन को घुटने टेकने को मजबूर कर दिया है। सरहद पर खड़े देश के जवानों के साथ पूरा देश एकजुट होकर खड़ा है। ऐसे समय में हम सभी देशवासियों का कर्तव्य है कि हम सारे लोग चीन के सामानों का बहिष्कार करें। चीन के सारे एप अपने मोबाइल फोन से हटा दें। उसके खिलाफ हमारे सैनिक बुलेट से लड़ रहे हैं और हम अपने वॉलेट से चीन के खिलाफ लड़ाई लड़ें। जिससे उसे आर्थिक मुद्दे पर भी गहरी चोट दी जा सके। शैलेंद्र मिश्रा, विनोद कुमार, हरेंद्र मौर्य, रवि शंकर तिवारी, पवन देव त्रिपाठी, बृजेश यादव, मनीष सिंह, हरिवंश मिश्रा, राजू सोनकर एकलव्य पांडेय, आदर्श शुक्ला, कोमल राजभर ,रामप्रताप मोनू, विनय उपाध्याय, हरेंद्र मौर्य, विवेक निषाद, मृगांक शेखर सिन्हा, अवनीश चतुर्वेदी, दीपक चतुर्वेदी थे।