आजमगढ़ में मिडडे मील के भोजन की दाल में मिली छिपकली, अभिभावकों में मची अफरातफरी
आजमगढ़ के पवई शिक्षा क्षेत्र के इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय गुमकोठी में मध्याह्न भोजन की दाल में छिपकली मिलने से ...और पढ़ें

आजमगढ़ के स्कूल में मिडडे मील की दाल में मिली छिपकली, बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण।
HighLights
आजमगढ़ के गुमकोठी स्कूल में मिडडे मील में छिपकली मिली।
स्वास्थ्य टीम ने सभी बच्चों का परीक्षण किया।
सभी बच्चे सुरक्षित पाए गए, कार्रवाई के निर्देश।
जागरण संवाददाता, माहुल (आजमगढ़)। पवई शिक्षा क्षेत्र के इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय गुमकोठी में मंगलवार को मध्याह्न भोजन की दाल में छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। भोजन कर रहे बच्चों की थालियों में छिपकली दिखने की जानकारी होते ही अफरातफरी मच गई। ग्राम प्रधान ने स्वास्थ्य टीम बुलाकर बच्चों का परीक्षण कराया। सभी बच्चों के सुरक्षित मिलने पर विद्यालय प्रशासन और अभिभावकों ने राहत की सांस ली।
विद्यालय में 103 बच्चों का नामांकन है। मंगलवार को मीनू के अनुसार दाल-चावल बनाया गया था। आरोप है कि प्रधानाध्यापक के निरीक्षण के बिना ही बच्चों को भोजन परोस दिया गया। इसी दौरान एक बच्चे की थाली में दाल के अंदर छिपकली दिखाई दी। इसके बाद बच्चों ने भोजन करना बंद कर दिया। जानकारी होने पर शिक्षामित्र छगनलाल ने भोजन को हटवा दिया।
ग्राम प्रधान दिनेश यादव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई से चिकित्सकों को बुलाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया। सूचना पर अभिभावक भी विद्यालय पहुंच गए। बच्चों के स्वस्थ पाए जाने पर अभिभावक उन्हें घर ले गए।
खंड शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने इसे गंभीर और अक्षम्य लापरवाही बताते हुए कहा कि प्रधानाध्यापिका सुनीता यादव को संबंधित रसोइया के खिलाफ रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
