जिला उपभोक्ता फोरम में 1086 केस निलंबित
दूसरों को न्याय दिलाने वाला जिला उपभोक्ता फोरम स्वंय कई तरह की दुश्वारियों का सामना कर रहा है। जहां उसका स्वंय का भवन नहीं हैं वहीं स्टाफ की कमी का भी दंश झेल रहा है।
जासं, आजमगढ़ : दूसरों को न्याय दिलाने वाला जिला उपभोक्ता फोरम स्वयं कई तरह की दुश्वारियों का सामना कर रहा है। स्वयं का भवन नहीं होने के साथ ही स्टाफ की कमी का मुकदमों के निस्तारण रोड़े अटका रही है। ऐसे में न्याय मिलने में होने वाली देरी से वादी मुकदमा का समय बर्बाद होने के साथ ही आर्थिक नुकसान भी हो रहा है।
जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष फोरम का न्यायालय दीवानी कचहरी परिसर में भाड़े के भवन में स्थित है। भवन काफी जीर्ण-शीर्ण हालत में है। वर्तमान में जिला उपभोक्ता फोरम न्यायालय के अध्यक्ष पद पर रिटायर अपर जिला जज कृष्ण कुमार सिंह 29 मार्च 2018 से कार्यरत हैं। दो सदस्यों में एक का पद तीन वर्ष से उसरा दिसंबर 2019 में रिक्त पड़ा है। कनिष्ठ लिपिक विमला देवी का स्थानांतरण जुलाई 2017 में मऊ हो जाने के बाद से यह पद भी रिक्त चल रहा है। वहीं अर्दली का भी पद सितंबर 2019 से खाली है। वर्तमान में जिला उपभोक्ता फोरम में एक अध्यक्ष के अलावा पेशकार के पद पर गिरिजा सुवन, स्टेनों के पद पर उदय राज व चतुर्थ श्रेणी कर्मी के पद पर पूजा यादव कार्यरत हैं। स्टेनो उदयराज की मानें तो कोरम के अभाव में वर्तमान में जिला उपभोक्ता फोरम में लगभग 1086 मुकदमे लंबित चल रहे हैं। उनका कहना है कि मुकदमों के निस्तारण के लिए तीन सदस्यों का कोरम अनिवार्य है, लेकिन दो सदस्य भी रहते तो भी कोरम को पूरा मानकर मुकदमों का निस्तारण का कार्य चल सकता है।