भाजपा सरकार में बढ़ी बेरोजगारी व भ्रष्टाचार की घटनाएं
सगड़ी विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को छत्रपति शिवाजी रोहुवार बैदौली इंटर कालेज परिसर में सपा-बसपा संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया।
जासं, सगड़ी (आजमगढ़) : सगड़ी विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को छत्रपति शिवाजी रोहुवार बैदौली इंटर कालेज परिसर में सपा-बसपा संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन को संबोधित करते हुए सपा के राष्ट्रीय महासचिव बलराम यादव ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार जब से आई है नोटबंदी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, हत्याएं व लूट आदि की घटनाएं काफी बढ़ी है। भाजपा सरकार गरीबों, पिछड़ों व अनुसूचित जाति की आवाजें दबाने का काम कर रही है। सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि भाजपा ने जनपद से कमजोर प्रत्याशी देकर अपनी हार पहले ही मान ली है। पूरे देश में भाजपाकाल में किसान, नौजवान व गरीब सभी परेशान हैं। बेरोजगार सड़कों पर घूम रहे हैं और रोजगार नहीं मिल रहा है। इस मौके पर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, एमएलसी राकेश यादव, विधायक नफीस अहमद, विधायक आलम बदी, पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव, संतोष सिंह टीपू आदि थे। अध्यक्षता सीपी विमल व संचालन नागेंद्र सिंह पटेल ने किया।