आजमगढ़ में अवकाश के दिन खुला था इकरा पब्लिक स्कूल, बस हादसे के बाद नोटिस जारी
आजमगढ़ के इकरा पब्लिक स्कूल में सार्वजनिक अवकाश के दिन स्कूल संचालित होने और बस दुर्घटना के बाद खंड शिक्षा ...और पढ़ें

आजमगढ़: अवकाश के दिन इकरा पब्लिक स्कूल खोलने पर नोटिस, बस हादसे में बच्चे घायल।
HighLights
सार्वजनिक अवकाश पर इकरा पब्लिक स्कूल का संचालन।
स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त, चार बच्चे व शिक्षिका घायल।
खंड शिक्षा अधिकारी ने स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी किया।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। सरायमीर के नेमत नगर स्थित इकरा पब्लिक स्कूल में सार्वजनिक अवकाश के दिन भी विद्यालय संचालित किए जाने के मामले में खंड शिक्षा अधिकारी ने स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। बुधवार को ईद मिलादुन्नबी के पर्व पर सार्वजनिक अवकाश था। इसके बावजूद विद्यालय खुला था।
छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही स्कूल की मिनी बस सिन्दूरी (निजामुद्दीन पट्टी) गांव के पास अनियंत्रित होकर नहर के माइनर में पलट गई थी। हादसे में चार बच्चे और एक शिक्षिक घायल हुए थे। मामले का संज्ञान लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने विद्यालय प्रबंधन को आठ बिंदुओं पर नोटिस जारी किया है।
इसमें अवकाश के दिन विद्यालय खोलने का कारण पूछा गया है। साथ ही कक्षावार विद्यार्थियों की संख्या, मानक के अनुसार कक्षों की संख्या, एनबीसी प्रमाणपत्र और अग्निशमन प्रमाणपत्र की जानकारी मांगी गई है। नोटिस में विद्यालय का संचालन करने वाली सोसायटी या ट्रस्ट से संबंधित दस्तावेज तथा विद्यालय जिस भूमि पर बना है, उसका प्रमाणित खसरा-खतौनी भी उपलब्ध कराने को कहा गया है।
इसके अलावा दुर्घटनाग्रस्त मिनी बस का फिटनेस और परमिट, चालक का नाम व लाइसेंस तथा विद्यालय में संचालित अन्य वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र और चालकों के लाइसेंस का विवरण भी मांगा गया है। थाना प्रभारी भुवनेश चौबे ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त मिनी बस की जांच में फिटनेस और परमिट दोनों समाप्त मिले। इसके बाद वाहन को सीज कर दिया गया है।
