युवक पर चलाई गोली, बाल-बाल बचा
आजमगढ़ : अहरौला थाना क्षेत्र के झाझऊवां पोखरी के पास गुरुवार की शाम को एक युवक पर तमं
आजमगढ़ : अहरौला थाना क्षेत्र के झाझऊवां पोखरी के पास गुरुवार की शाम को एक युवक पर तमंचे से फायर किया गया। युवक बाल-बाल बच गया। पीड़ित युवक ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए अहरौला थाने पर तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। घटना का कारण एक दिन पूर्व शौचालय निर्माण को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।
अहरौला थाना क्षेत्र के धनेश दुबे गांव निवासी 19 वर्षीय सूरज दुबे पुत्र श्रीपाल दुबे जिला मुख्यालय पर रहकर एसएससी की तैयारी करता है। उसका कहना है कि एक दिन पूर्व शौचालय का निर्माण कराने की बात को लेकर पड़ोस के लोगों से उसका विवाद हुआ था। वह गुरुवार की शाम को घर से जिला मुख्यालय जाने के लिए साइकिल पर सवार होकर निकला था। रास्ते में गोपालगंज बाजार के समीप स्थित झाझऊवां पोखरी के पास पहुंचा था। उसी दौरान तीन हमलावरों ने उसे जान से मारने के इरादे से तमंचा से लक्ष्य कर दो फायर किए। चलाई गई दोनों गोली मिस हो जाने से वह बाल-बाल बच गया। उसने जब शोर मचाया तो हमलावर फरार हो गए। इस घटना के संबंध में उसने अहरौला थाना पर पहुंच कर अपने पड़ोसी कृष्ण कुमार दुबे समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।