हीमोडायलिसिस सेंटर का होगा विस्तार : स्वास्थ्य मंत्री
आजमगढ़ भीषण गर्मी व बारिश के मौसम में बढ़ती बीमारी के मद्देनजर पूर्वांचल में भ्रमण पर निकले मंत्री चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एवं मातृ शिशु कल्याण विभाग सिद्धार्थनाथ सिंह ने शुक्रवार की शाम जिला मंडलीय अस्पताल का निरीक्षण किया।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एवं मातृ शिशु कल्याण विभाग मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने शुक्रवार की शाम जिला मंडलीय अस्पताल का निरीक्षण किया। हालांकि ज्यादा खामियां नहीं मिली लेकिन दुर्व्यवस्था पर नाराजगी जताई। हीमोडायलिसिस यूनिट का निरीक्षण किया। वहां 13 बेड होने तथा मरीजों की लंबी कतार को देखते हुए डायलिसिस सेंटर के विस्तार को लेकर जानकारी ली। छह बेड बढ़ाने का आश्वासन दिया। पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। इसमें आराधना पुत्री साधना व गुंजन पुत्री नीमा से खान-पान के व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। तीन और एसी लगाने का निर्देश दिया। आर्थोवार्ड एवं पीआईसीयू, महिला मेडिकल वार्ड में भर्ती मरीजों को मिलकर हाल जाना, दवाओं एवं अस्पताल की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।
पत्र प्रतिनिधियों से वार्ता में मंत्री ने कहा कि पूरे देश में डाक्टरों की कमी है। तीन साल बाद हर वर्ष पांच सौ डाक्टर आने लगेंगे उसके बाद पब्लिक को स्वास्थ्य सुविधा बेहतर मिलेगी। उन्होंने कहा कि मेरे निरीक्षण से पूर्व टीम अस्पताल की जांच करके गई है। अस्पताल की फोटो व वीडियो उपलब्ध है। उनके साथ बैठकर अस्पताल की व्यवस्था में सुधार लाया जाएगा। इस मौके पर अपर निदेशक स्वास्थ्य डा. नंदलाल यादव, सीएमओ डा. एके मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह, जिला मंत्री हरिबंश मिश्रा आदि उपस्थित थे।
-
बच्ची को ब्लड न मिलने पर एसआइसी को चेताया
आजमगढ़ : चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह महिला मेडिकल वार्ड के निरीक्षण के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीज अंशिका पुत्री आशा निवासी ग्राम कैथोली आजमगढ़ से मिले। बच्ची की मां आशा ने बताया कि बच्ची को ब्लड की कमी है और ब्लड नहीं मिल पा रहा है। डाक्टर द्वारा बताया जा रहा है कि पहले ब्लड दो उसके बाद ही ब्लड मिलेगा। सुबह से शाम हो गई लेकिन ब्लड नहीं मिला। मंत्री ने नाराजगी जताते हुए नेत्र सर्जन डा. चंद्रहास एवं एसआइसी डा. एसकेजी सिंह को चेताया। एसआइसी को निर्देश दिया कि मरीज को ब्लड उपलब्ध कराएं।
-
ह्वीलचेयर बना आकर्षण का केंद्र
आजमगढ़ : मंत्री के निरीक्षण के दौरान ह्वीलचेयर पर लगा भगवा सीट लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। अस्पताल के मरीजों में इसको लेकर खासा चर्चा रही।
-
भाजयुमो ने उठाई जनपद की स्वास्थ्य समस्याएं
जासं, आजमगढ़ : मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह को भाजयुमो व स्वाभिमान मंच के पदाधिकारी ने ज्ञापन सौंपा। मांग की कि पब्लिक के साथ दुर्व्यवहार के आरोप में डा. असलम पर कार्रवाई की जाए। डॉक्टरों की कमी दूर की जाए व महिला अस्पताल का पूर्वी गेट खोलवा जाए। इस मौके पर सूरज प्रकाश श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, रजनीश श्रीवास्तव, पंकज सिंह कौशिक, सुधीर अग्रवाल आदि मौजूद थे।