अवध शिल्प ग्राम में सजेगा जिले का दशहरी, लंगड़ा, चौसा व आम्रपाली आम
आजमगढ़ अवध शिल्प ग्राम अवध बिहार ।
अवध शिल्प ग्राम में सजेगा जिले का दशहरी, लंगड़ा, चौसा व आम्रपाली आम
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : राजधानी के अवध विहार स्थित अवध शिल्प ग्राम में आयोजित होने से जा रहे आम महोत्सव में आजमगढ़ के भी बागवान भाग लेंगे। चार से सात जुलाई तक चलने वाले महोत्सव में जिले का दशहरी, चौंसा, लंगड़ा व आम्रपाली प्रजापति के आम के लोगों को लुभाएंगे। आम एक नजर में ही लोगों के दिलो-दिमाग में छा जाए, इसके लिए बागवान आकर्षक तरीके से इसकी पैकिंग कर रहे हैं।
जिले में दहशरी, लंगड़ा, चौसा व आम्रपाली आम का अधिक उत्पादन होता है। लगभग 1.191 हेक्टेयर क्षेत्रफल में आम का उत्पादन फरिहां, अहरौला, फूलपुर, सठियांव, लालगंज क्षेत्र में किया जा रहा है। औसतन जिले में 17.406 टन आम का उत्पादन होता है। जिले के पांच बागवानों में अहरौला ब्लाक के तिवारियापुर के श्रवण सिंह, सिपाह के बृजेश कुमार सिंह, किशुनपुरा के धीरेंद्र सिंह, फत्तेपुर के शमशेर बहादुर सिंह व ब्लाक सठियांव के पाही के सुधीर कुमार सिंह शामिल हैं। प्रतिस्पर्धा में अच्छे आम उत्पादकों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। आम उत्पादकों के अनुसार इस वर्ष मार्च, अप्रैल में तापमान अधिक होने से 30 से 35 फीसद का नुकसान हुआ है, जिससे आम का कारोबार प्रभावित हुआ है।
‘‘आम महोत्सव में उच्च कोटि के आम की प्रतिस्पर्धा होगी। अच्छे आम उत्पादकों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। जिले का कोई भी बागवान अपने उत्कृष्ट उत्पाद के साथ शामिल हो सकता है।
-ममता सिंह यादव, जिला उद्यान अधिकारी।