जगह-जगह सजे पंडाल, बाजारो में रौनक, दुकानें गुलजार
आजमगढ़ शारदीय नवरात्र को लेकर जिलेभर में उत्साह का माहौल है। रविवार को अष्टमी है। देवी मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ेगा। चौक दक्षिणमुखी देवी मंदिर पर सुबह से श्रद्धालुओं भीड़ उमड़ेगी।
जासं, आजमगढ़ : शारदीय नवरात्र को लेकर जिले भर में उत्साह का माहौल है। रविवार को महाष्टमी है। देवी मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ेगा। चौक स्थित दक्षिणमुखी देवी मंदिर में सुबह से श्रद्धालुओं भीड़ उमड़ेगी। पूजन-अर्चन कर लोग मत्था टेकेंगे। इसी दिन चढ़ती-उतरती वाले भी व्रत रखेंगे। दशहरा को लेकर बाजारों में भीड़ बढ़ती जा रही है। रविवार को शेष पंडालों में स्थापित प्रतिमाओं के पट दर्शनार्थ खोले जाएंगे। इसके बाद पूजन-अर्चन शुरू हो जाएगा। चौक क्षेत्र, सिधारी क्षेत्र को पूरी तरह से झालर व लाइटों से सजाया गया है। रविवार से पूरा क्षेत्र ही जगमगाने लगेगा। दुर्गा पूजा व दशहरा पूजा की तैयारियां जोरों पर चल रहा है। कुछ पंडालों में प्रतिमा पहले से ही स्थापित कर दी गई हैं कुछ स्थानों पर रविवार को प्रतिमा स्थापित की जाएंगी। अष्टमी के दिन पूजन-अर्चन के साथ प्रतिमा स्थापित की जाएंगी। दशहरा को लेकर बाजार पूरी तरह सज गए हैं। कपड़ों की दुकानों व मॉल में भीड़ बढ़ती जा रही है। लोगों में दशहरा को लेकर उत्साह बढ़ता जा रहा है।