आजमगढ़ में जिला अस्पताल की बिजली गुल, टॉर्च की रोशनी में डॉक्टर कर रहे मरीजों का इलाज
आजमगढ़ जिला अस्पताल में शुक्रवार को दो घंटे बिजली गुल रहने से मरीज, तीमारदार और चिकित्सक उमस भरी गर्मी से ...और पढ़ें

आजमगढ़ जिला अस्पताल में बिजली गुल, टॉर्च की रोशनी में इलाज से बढ़ी परेशानी।
HighLights
जिला अस्पताल में दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
मरीज और तीमारदार उमस भरी गर्मी से काफी परेशान हुए।
चिकित्सकों ने टॉर्च की रोशनी में मरीजों की जांच की।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। जिला अस्पताल में शुक्रवार की दोपहर को अचानक बिजली गुल हो गई। बिजली के गुल होने से मरीज और तीमारदार समेत चिकित्सक भी उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। करीब दो घंटे के बिजली संकट ने स्वास्थ्य सुविधाओं को बेपटरी कर दिया। टार्च की रोशनी में चिकित्सकों ने मरीजों को देखा।
जिला अस्पताल में दोपहर तक मरीजों की संख्या करीब 14 सौ के पार पहुंच गई। ओपीडी के बाहर और अंदर चिकित्सक को दिखानेे के लिए मरीजों की काफी भीड़ रही। दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल की बिजली कट गई। इसके बाद ओपीडी में बैठे चिकित्सकों के साथ-साथ वहां दिखाने आए मरीज और तीमारदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
वार्ड में भर्ती मरीज उमस भरी गर्मी से बेचैन रहे। तीमारदार अपने-अपने मरीजों को गर्मी से राहत देने के लिए तख्ती से तो कोई रुमाल से मरीजों को हवा देता दिखाई दिया। जनपद में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आगमन पर कई चिकित्सक वीआईपी ड्यूटी पर थे, इसलिए आपरेशन थिएटर में किसी मरीज का आपरेशन नही हुआ।
अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों ने अस्पताल प्रबंधन से बिजली कटने के बारे में पूछा तो कोई कुछ भी बताने को तैयार नहीं था। ओपीडी में टार्च की रोशनी में मरीजों की जांच कर रहे चिकित्सक से बिजली नहीं होने का कारण पूछा गया तो अस्पताल प्रबंधन पर नाराजगी जताई। इलेक्ट्रिशियन धीरज श्रीवास्तव ने बताया कि ओवर लोडिंग के चलते ओपीडी और वार्ड में विद्युत आपूर्ति बाधित थी।
