नए साल पर दो नगर पालिका की मिलेगी सौगात
जागरण संवाददाता आजमगढ़ जिला प्रशासन ने यदि समय से कार्यवाही सुनिश्चित की तो नव वर्ष में जिले क
जागरण संवाददाता, आजमगढ़: जिला प्रशासन ने यदि समय से कार्यवाही सुनिश्चित की तो नव वर्ष में जिले को दो नगर पालिका और नगर पंचायत की सौगात मिलेगी। साथ ही दो नगर पंचायतों की सीमा का विस्तार भी होगा। इसी के साथ सरकार के सबका साथ, सबका विकास की मंशा भी फलीभूत होगी। शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन की तरफ प्रस्ताव भेजे जाने की तैयारी तेज हो गई है।
जनप्रतिनिधियों व क्षेत्रीय जनता की मांग पर महा पंडिल राहुल सांकृत्यायन के पैतृक गांव चक्रपानपुर एवं नगर पंचायत बिलरियागंज को (थ्री श्रेणी) नगर पालिका परिषद, मार्टीनगंज को नगर पंचायत और बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पारित होने के बाद नगर पंचायत लालगंज एवं महराजगंज के सीमा विस्तार के संबंध में शासन ने जिला प्रशासन से प्रस्ताव मांगा है। निदेशक एवं मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी नरेंद्र शंकर पांडेय ने प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन विभाग को निर्देशित किया है कि ऐसे प्रस्ताव का निस्तारण 31 दिसंबर तक कर दिया जाए।
=====
भौगोलिक स्थिति
11 वार्डों की नगर पंचायत बिलरियागंज में एक बहुत बड़ा मदरसा है। लगभग 20 हजार की आबादी वाले चक्रपानपुर में राजकीय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल है, जिसमें लगभग एक हजार स्वास्थ्य चिकित्सक एवं अन्य स्टाफ हैं। राहुल सांस्कृत्यायन की जन्म स्थली सहित पुस्तकालय व अन्य राजकीय व निजी संस्थान हैं। नगर पंचायत कटघर लालगंज (11 वार्ड)व महराजगंज(10 वार्ड)बहुत पुरानी नगर पंचायत है। जबकि जिले की आठवीं नई तहसील मार्टीनगंज का लगातार विकास होता जा रहा है।
====
इन प्रतिनिधियों ने भेजा था प्रस्ताव
नगर पालिका, नगर पंचायत एवं नगर पंचायतों के विस्तारीकरण के संबंध में निकायों की जनता की मांग के अलावा पूर्व मंत्री डा. कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष लालगंज ऋषिकांत राय, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सहजानंद राय, प्रदेश कार्य समिति सदस्य भाजपा डा. माला द्विवेदी ने संबंधित का प्रस्ताव शासन को भेजा था। पूर्व मंत्री को तो सीएम ने 17 अक्टूबर को भरोसा भी दिया था।