यूपी में चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का कहर, मौसम खराब होने से धान की फसल को भारी नुकसान
बंगाल की खाड़ी में बने अर्नब तूफान के कारण आजमगढ़ के मेंहनगर में लगातार बारिश और तेज हवाओं से धान की पिछैती फसल जमीन पर गिर गई है।

मौसम खराब होने से धान की फसलों को भारी नुकसान।
HighLights
अर्णब तूफान से आजमगढ़ में धान की फसल को भारी नुकसान।
लगातार बारिश और तेज हवा से पिछैती धान जमीन पर गिरी।
किसानों को दाना सड़ने व रबी बुवाई में देरी की चिंता।
जागरण संवाददाता, मेंहनगर (आजमगढ़)। बंगाल की खाड़ी में बने अर्न तूफान के असर से लगातार दूसरे दिन भी हो रही बारिश व तेज हवा ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। तहसील क्षेत्र में पिछैती धान की फसल जमीन पर गिर गई है, जिससे फसल बर्बाद होने के कगार पर पहुंच गई है।
किसान बशिष्ठ सिंह, ओमप्रकाश सिंह ,प्रधान मुकुटधारी यादव ने बताया कि पिछैती धान में भरपूर वृद्धि हुई थी और हाल ही में बाली आई थी। अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन दो दिनों से जारी बारिश व तेज हवा के कारण पूरी फसल खेत में ही लेट गई है। हरी-भरी धान आंधी से जमीन पर बिछ गई है।
बेमौसम बारिश से गिरी हुई फसल में दाना काला पड़ने और सड़ने का खतरा बढ़ गया है। खेतों में जलजमाव से कटाई में भी दिक्कत आएगी, जिससे मजदूरी व खाद-बीज की लागत भी वसूल होना मुश्किल है। -बशिष्ठ सिंह खजुरा।
बेमौसम बारिश से हुए नुकसान का प्रशासन को सर्वे कराकर आकलन करना चाहिए और किसानों को मुआवजा उचित देना चाहिए। -रामजन्म सिंह अधिवक्ता मेंहनगर।
बारिश से जहां फसल खराब होने का खतरा बढ़ा है, वहीं सरसों व गेहूं की बुवाई की तैयारी कर रहे किसानों के काम भी ठप पड़ गए हैं। अब एक बुंद भी बारिश न हो। -प्रमोद दूबे उचहुआ।
किसान सुखी तो देश सुखी, मैं 'भगवान इंद्रदेव' से प्रार्थना करता हूं कि इस समय बरसात की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है, धान की मढ़ाई में जहा देरी होगी वही गेंहू की बुआई लेट होगी। -दीपक सिंह करनेहुआ।
