शौच को निकली किशोरी से सामूहिक दुराचार
जहानगंज थाना क्षेत्र में पांच दिन पूर्व शौच के लिए गयी एक किशोरी के साथ दो युवको ने सामूहिक दुराचार किया। पिता की तहरीर पर मंगलवार को पुलिस ने मुकदमा
जागरण संवाददाता, जहानागंज (आजमगढ़) : जहानगंज थाना क्षेत्र में शौच के लिए गई किशोरी के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुराचार किया। पिता की तहरीर पर मंगलवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपित युवकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि 16 वर्षीय किशोरी 30 अगस्त की रात को लगभग आठ बजे गांव के सिवान में शौच के लिए गयी थी। किशोरी का आरोप है कि सिवान में मौजूद गांव निवासी दो युवकों ने उसे पकड़ लिया और उसे पास में ही एक स्थान पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुराचार किया। दुराचार की शिकार किशोरी अपने घर आयी। उसके पिता व परिजन बीमार दादा का इलाज कराने के लिए चक्रपानपुर गए थे। सोमवार की देर शाम जब परिजन घर लौटे तो किशोरी ने आप बीती बतायी। किशोरी को लेकर परिजनों ने मंगलवार की दोपहर जहानागंज थाने पर पहुंच कर पुलिस को घटना से अवगत कराया। किशोरी के पिता ने गांव निवासी दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपित युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित किशोरी को पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया।