दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से दुष्कर्म, केस दर्ज
जागरण संवाददाता जौनपुर सरपतहां थाना क्षेत्र में दहेज के लिए ससुराल वालों पर विवाहिता के
जागरण संवाददाता, जौनपुर : सरपतहां थाना क्षेत्र में दहेज के लिए ससुराल वालों पर विवाहिता के साथ दुष्कर्म और अप्राकृतिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है। इतना ही नहीं प्रताड़ना से गर्भ में पल रहे भ्रूण के भी नष्ट होने की बात कही जा रही है। इसकी शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने पति, सास, श्वसुर, जेठ व दो ममिया श्वसुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, दुराचार, गर्भपात आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वादिनी ने पुलिस अधीक्षक, डीजीपी, मानवाधिकार आयोग को प्रार्थना पत्र दिया है कि उसकी शादी 2011 में आजमगढ़ में हुई थी। विवाह के बाद पति, ससुर, सास, जेठ तथा उसके दो ममिया श्वसुर दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते रहे। पीड़िता का आरोप है दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे बेचने तक की बात कही जाती थी। पति का दूसरी महिला से संबंध भी है। वह अप्राकृतिक दुष्कर्म करता था। मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने उसे इतना मारा पीटा कि उसके गर्भ में पल रहा भ्रूण भी नष्ट हो गया। उसके साथ दुराचार किया तथा एक जून 2020 को सुबह सात बजे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। एसपी के आदेश पर ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।
छेड़खानी का आरोपित पकड़ाया
जागरण संवाददाता, रानी की सराय : थाना क्षेत्र की एक महिला ने बुधवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि मुकेश कुमार चौरसिया निवासी लालग्राम विशुनापुर थाना रिसियां जनपद बहराइच ने उनकी बेटी के साथ छेड़खानी की है। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने आरोपित को कोटिला आंवक मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में दारोगा संजय कुमार सिंह, कांस्टेबल अंगद गौड़, दीपांशु मौजूद रहे।