जीजा ने साले की गोली मारकर की हत्या
सिधारी थाना क्षेत्र के नई कॉलोनी पल्हनी में मंगलवार की आधी रात को बहनोई ने अपने साला की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या का कारण आपसी विवाद बताया जा
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : नए वर्ष के साथ ही जिले में हत्या की शुरुआत हो गई। सिधारी थाना क्षेत्र के नई कालोनी पल्हनी में मंगलवार की आधी रात को बहनोई ने साले की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना का कारण आपसी विवाद बताया जा रहा है।
बरदह थाना क्षेत्र के ठेकमा निवासी अभिषेक सिंह उर्फ प्रिस शहर के नई कालोनी पल्हनी निवासी अधिवक्ता शशिकांत पांडेय के मकान में किराए पर कमरा लेकर काफी दिनों से रहते हैं। नया वर्ष मनाने के लिए मंगलवार को उनके साले 26 वर्षीय प्रदीप सिंह उर्फ पेठबल्ली पुत्र गोविद सिंह निवासी ग्राम नवापुरा थाना तरवां बहन के घर आए थे। लोगों का कहना है कि रात लगभग 12.30 बजे प्रदीप सिंह का किसी बात को लेकर बहनोई से विवाद हुआ। विवाद के दौरान बहनोई अभिषेक सिंह ने साले प्रदीप की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की खबर मिलते ही सीओ सिटी इलामारन जी, सिधारी थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर विनय मिश्र पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या के बाद आरोपित अभिषेक मौके से फरार हो गए। मृतक के पिता गोविद सिंह ने अपने दामाद अभिषेक सिंह के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की छानबीन व हमलावर की तलाश में जुटी हुई है। प्रदीप की दो वर्ष पूर्व शादी हुई थी। बच्चे नहीं है। वह दो भाइयों में छोटे थे। सिधारी इंस्पेक्टर का कहना है कि मृत प्रदीप आपराधिक प्रवृत्ति का था। उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं।