महिला को अगवा कर बदमाशों ने छीना जेवर
आजमगढ़ : जहानागंज थाना के कारीसाथ गांव के समीप से सोमवार की भोर में मार्निंग वॉक के लिए
आजमगढ़ : जहानागंज थाना के कारीसाथ गांव के समीप से सोमवार की भोर में मार्निंग वॉक के लिए निकली महिला को बोलेरो सवार बदमाशों ने अगवा कर लिया। अगवा की गई महिला के कान का टप्स छीनने के बाद बदमाश उसे रोशनपुर मंदिर के समीप छोड़कर भाग गए। पीड़ित महिला ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है।
कारीसाथ गांव निवासी आशा यादव पत्नी रामसमुझ यादव सोमवार की भोर में लगभग साढ़े चार बजे घर से मार्निग वॉक के लिए निकली थीं। वह गांव की मुख्य सड़क पर पैदल ही टहल रही थीं। महिला का कहना है कि उसी दौरान एक को बोलेरो आकर उसके पास रुकी। जब तक वह कुछ समझ पातीं, बोलेरो सवार बदमाशों ने उन्हें अगवा कर लिया। रास्ते में बदमाशों ने डरा-धमकाकर सोने की टप्स छीन लिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश महिला को रोशनपुर हनुमान मंदिर के पास बोलेरो से उतार कर भाग गए। लूट की शिकार महिला पैदल ही अपने घर पर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। परिवार के लोगों संग महिला ने जहानागंज थाने पर पहुंच कर प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी। पीड़ित महिला ने छीने गए जेवर की कीमत 10 हजार रुपये बताई है। जहानागंज थानाध्यक्ष नदीम अहमद फरीदी ने इस घटना को संदिग्ध बताया। उनका कहना है कि महिला की तहरीर पर वह जांच कर कार्रवाई करेंगे।