विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आजमगढ़ विश्वविद्यालय को जल्द मिलेंगे स्थायी शिक्षक, लखनऊ में होगी भर्ती

By Saurabh Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 26 Oct 2026 11:23 AM (IST)

महाराजा सुहेल देव राज्य विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में सहायक आचार्य पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया तेज हो गई है। परीक्षा 27 ...और पढ़ें

आजमगढ़ विश्वविद्यालय में स्थायी शिक्षक भर्ती परीक्षा, लखनऊ में होगी आयोजित।

आजमगढ़ विश्वविद्यालय में स्थायी शिक्षक भर्ती परीक्षा, लखनऊ में होगी आयोजित।

HighLights

  1. द्वितीय पाली दोपहर एक से दो बजे तक चलेगी।

  2. भर्ती परीक्षा 27 अक्टूबर (मंगलवार) को

  3. विश्वविद्यालय में सहायक आचार्य के पदों पर सीधी भर्ती 

जागरण संवाददाता, आजमगढ़। महाराजा सुहेल देव राज्य विश्वविद्यालय, आजमगढ़ को जल्द ही स्थायी शिक्षक मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। विश्वविद्यालय में सहायक आचार्य (असिस्टेंट प्रोफेसर) के पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सहायक आचार्य सीधी भर्ती परीक्षा-2026 की समय-सारणी और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इसे विश्वविद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था सुदृढ़ करने, शोध कार्यों को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, भर्ती परीक्षा 27 अक्टूबर (मंगलवार) को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के शिविर कार्यालय, सेक्टर-डी, अलीगंज, लखनऊ में आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली सुबह 10 से 11 बजे तक आयोजित होगी।

इसमें अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, इतिहास, कंप्यूटर साइंस, गणित, गृह विज्ञान, पत्रकारिता एवं जनसंचार, भूगोल, मनोविज्ञान, राजनीति विज्ञान, वाणिज्य, इंटीग्रेटिव साइंस, भौतिक विज्ञान, कृषि अर्थशास्त्र एवं कृषि प्रबंधन तथा हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म मैनेजमेंट विषयों की परीक्षा होगी।

द्वितीय पाली दोपहर एक से दो बजे तक चलेगी। इसमें प्रबंधन एवं व्यवसाय प्रशासन, विधि, संस्कृत, समाजशास्त्र, हिंदी, प्राणी विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान तथा खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विषयों के अभ्यर्थी शामिल होंगे।

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए समर्थ पोर्टल से डाउनलोड किया गया प्रवेश पत्र, एक पासपोर्ट आकार का फोटो तथा आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट में से किसी एक मूल पहचान पत्र और उसकी छायाप्रति लाना अनिवार्य किया गया है। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले शुरू होगा, जबकि परीक्षा से 15 मिनट पूर्व मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही केंद्र में प्रवेश मिलेगा।

परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान किया गया है। प्रत्येक सही उत्तर पर एक अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक काटे जाएंगे। एक से अधिक विकल्प चुनने पर उत्तर गलत माना जाएगा। अभ्यर्थियों को प्रश्न-पुस्तिका और ओएमआर उत्तर पत्रक के बारकोड का मिलान करने के निर्देश दिए गए हैं। उत्तर पत्रक भरने के लिए केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन का प्रयोग किया जा सकेगा। व्हाइटनर, ब्लेड और रबर का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा।

ओएमआर उत्तर पत्रक दो प्रतियों में होगा। मूल प्रति जमा कराने और उसकी गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थी को उसकी प्रति उपलब्ध कराई जाएगी। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। अभ्यर्थी अपने साथ केवल पारदर्शी पानी की बोतल ले जा सकेंगे। अनारक्षित और आरक्षित दोनों श्रेणियों में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को एक ही रोल नंबर पर परीक्षा देनी होगी तथा उनके प्राप्तांक दोनों श्रेणियों के लिए मान्य होंगे।