आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गो-तस्कर गिरफ्तार, दाहिने पैर में लगी गोली
आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक गो-तस्कर संतोष यादव को गिरफ्तार किया गया, जिसके दाहिने पैर में गोली लगी ...और पढ़ें

पुलिस मुठभेड़ में गो-तस्कर गिरफ्तार।
HighLights
आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़ के बाद गो-तस्कर गिरफ्तार।
गिरफ्तार गो-तस्कर संतोष यादव के पैर में लगी गोली।
पुलिस ने तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टालरेंस अभियान के तहत गुरुवार की देर रात अतरौलिया थाना की पुलिस ने गो-तस्कर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार गो-तस्कर की पहचान जहानागंज थाना क्षेत्र के समस्तीपुर गांव निवासी संतोष यादव के रुप में हुई है।
घायल बदमाश को इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने उसके पास से तमंचा कारतूस और बाइक बरामद किया है। जबकि अंधेरे का लाभ लेते हुए उसके दो साथी भागने मे कामयाब रहे। जनपद के विभिन्न थानों में बदमाश के ऊपर करीब एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमें दर्ज है। अतरौलिया प्रतिनिधि के अनुसार थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दूबे देर रात पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।
मुखबिर से सूचना मिली की पूर्वांचल गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा का बैरियर तोड़ते हुए ग्राम गोपालीपट्टी नहर के पास पिकअप वाहन सड़क पर छोड़कर अपने दो साथियों समेत फरार होने वाला आरोपित अपने साथियों के साथ बाइक से कहीं घटना कारित करने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड होते हुए गदनपुर की तरफ आ रहा है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चेकिंग तेज कर दी।
इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बाइक घुमाकर भागने लगे, इतने में बाइक फिसल गई और तीनों बाइक से गिर गए। इस दौरान पुलिस ने उन्हें चारो तरफ से घेर लिया। पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग करनी शुरु कर दी। पुलिस द्वारा जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस ने उसकी पहचान जहानागंज के समस्तीपुर गांव निवासी संतोष यादव के रुप में किया। जबकि अंधेरे का लाभ लेते हुए फरार होने वाले साथी अतरौलिया के शमीम और समस्तीपुर बबुरा के संतोष सरोज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
