आजमगढ़ में पंचायत भवनों में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे ग्रामीण छात्र
आजमगढ़ के फूलपुर ब्लॉक की 14 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र के ...और पढ़ें

पंचायत भवनों में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी।
HighLights
फूलपुर ब्लॉक की 14 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी बनेंगी।
ग्रामीण छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी मुफ्त में कर सकेंगे।
पुस्तकों, कंप्यूटर और इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
जागरण संवाददाता, फूलपुर (आजमगढ़)। शहरों में संचालित निजी डिजिटल लाइब्रेरी में शुल्क देकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को अब गांव में ही यह सुविधा मिल सकेगी। शासन की पहल के तहत पंचायत भवनों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जा रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सुविधा मिलेगी।
फूलपुर ब्लॉक की 14 ग्राम पंचायतों का डिजिटल लाइब्रेरी के लिए चयन किया गया है। चयनित ग्राम पंचायतों के पंचायत भवन में इसके लिए अलग कक्ष तैयार किया जाएगा। इनमें जाफरपुर, जई, बखरा, बीबीगंज, बूढ़ापुर बदल, मुंडवर, हथिनोरा कला, बक्सपुर, मिजवां, महुवारा, बैसाडीह, नूरपुर, चकिया चकमुर्तुजा और मीर अहमदपुर रममोपुर-कतरानूरपुर आदि ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
डिजिटल लाइब्रेरी में सरकार की ओर से प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित 1242 पुस्तकें, छह लोहे की आलमारियां, 13 कुर्सियां, पांच मेज, दो कंप्यूटर, एक बड़ी एलईडी टीवी, प्रिंटर और इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इन 14 ग्राम पंचायतों में रममोपुर में डिजिटल लाइब्रेरी बनकर तैयार हो चुकी है। ग्राम पंचायत की ओर से ग्राम निधि से अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
खंड विकास अधिकारी फूलपुर फूलचंद सरोज ने बताया कि वर्तमान में 14 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। धीरे-धीरे अन्य ग्राम पंचायतों में भी यह व्यवस्था शुरू की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र के किसान, मजदूर और अन्य परिवारों के बच्चे इस सुविधा का निशुल्क लाभ उठाकर एकांत में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।
