देशभक्ति और त्याग का पर्याय है अर्जुन सिंह का व्यक्तित्व
जागरण संवाददाता जहानागंज (आजमगढ़) लोकतंत्र सेनानी कल्याण समिति के संरक्षक विधान परिषद सद
जागरण संवाददाता, जहानागंज (आजमगढ़) : लोकतंत्र सेनानी कल्याण समिति के संरक्षक विधान परिषद सदस्य व भाजपा नेता यशवंत सिंह ने कहा है कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कैप्टन अर्जुन सिंह का व्यक्तित्व और कृतित्व देशभक्ति और त्याग का पर्याय है। नई पीढ़ी को उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से प्रेरणा लेने की जरूरत है।
यशवंत सिंह ने परशुरामपुर में रविवार को कैप्टन अर्जुन सिंह स्मृति द्वार का लोकार्पण करते हुए कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अविस्मरणीय योगदान को लेकर 1940 में फूलपुर में आयोजित जनसभा में स्वतंत्रता संग्राम के महानायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने बाबू अर्जुन सिंह को कैप्टन की उपाधि दी थी। यह उपाधि उनकी देशभक्ति का जीवंत प्रमाण है। बाबू अर्जुन सिंह ने स्वतंत्रता के बाद भी अपने योगदान के बदले कुछ लेने की जगह समाज को हर दिन कुछ न कुछ दिया। यह त्याग उनके व्यक्तित्व को और अधिक वंदनीय बनाता है। उन्होंने कहा कि यह स्मृति द्वार उनकी देशभक्ति और त्याग को समाज के हर वर्ग को याद दिलाएगा।
यशवंत सिंह ने कहा है कि ईश्वर की कृपा से देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नेतृत्व मिला है। किसान आर्थिक रूप से समृद्ध और आत्मनिर्भर बनने के लिए इस अवसर का लाभ उठाएं। कहा कि यह समय आंदोलन करने का नहीं, भारत को समृद्ध और सशक्त बनाने का है।
समारोह की अध्यक्षता नामवर सिंह और संचालन केसरी सिंह टाइगर ने किया। अशोक पांडेय, ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू, रन्तदेव सिंह, जितेंद्र शर्मा, शंकर यादव, अवधू यादव, रविन्द्र सिंह, सुनील कुमार सिंह, कृष्णपाल, रामसागर सिंह, हरेंद्र सिंह, लालबहादुर सिंह और चंचल चौबे आदि उपस्थित थे।