आजमगढ़ के देवगांव में अनियंत्रित होकर पुलिया को तोड़कर बस पलटी, 14 यात्री घायल
मऊ से मिर्जापुर जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस आजमगढ़ के देवगांव में अनियंत्रित होकर पुलिया तोड़कर नाले में पलट ...और पढ़ें

आजमगढ़ के देवगांव में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 14 यात्री घायल।
HighLights
मऊ से मीरजापुर जा रही श्रद्धालुओं की बस पलटी।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र के बोझी बाजार से श्रद्धालुओं को लेकर मीरजापुर जिले के अड़गड़ानंद बाबा आश्रम में दर्शन के लिए जा रही बस अनियंत्रित होकर देवगांव कोतवाली के कंजहित बार्डर के पास शनिवार की देर रात अर्द्धनिर्मित पुलिया को तोड़कर नाले में पलट गई। इस दुर्घटना में 14 लोग घायल हो गए और पांच बच्चे एवं नौ अन्य लोग बाल-बाल बच गए।
बस के पलटने की सूचना मिलते ही देवगांव कोतवाल सुनील कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर सौ सैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया।
घायलों की पहचान गुड्डी यादव (55 वर्ष) निवासी बोझी बाजार थाना घोसी जिला मऊ, गुड़िया यादव (30 वर्ष), सोनम (35 वर्ष), महेश यादव (65 वर्ष) बेलभद्रपुर बोझी बाजार, रीता (40 वर्ष) बेलभद्रपुर बोझी बाजार, शिवपूजन निषाद (65 वर्ष) बेलभद्रपुर हाटा-बोझी बाजार, परमा (60 वर्ष), रामबचन (60 वर्ष), रामप्यारे (80 वर्ष), सुदामा (60 वर्ष), सुक्खू (62 वर्ष), मंगल (65 वर्ष), सुदामा (65 वर्ष) सभी निवासी बोझी बाजार थाना घोसी जिला मऊ और ड्राइवर राममिलन (40 वर्ष) निवासी बेल्थरा थाना उभांव जिला बलिया के रूप में हुई है।
सभी को संयुक्त चिकित्सालय में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। जहां गंभीर रूप से घायल महेश यादव (65 वर्ष), रीता (40 वर्ष), शिवपूजन निषाद (65 वर्ष), परमा (60 वर्ष), रामबचन यादव (60 वर्ष), रामप्यारे (80 वर्ष) और सुक्खू (62 वर्ष) को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि बस में ड्राइवर सहित कुल 23 लोग सवार थे। सभी मिर्जापुर स्थित स्वामी अड़गड़ानंद बाबा के आश्रम में दर्शन के लिए जा रहे थे।
