आजमगढ़ में 364 पंचायत सहायकों ने नहीं लगाई आनलाइन हाजिरी, डीपीआरओ और एडीओ पंचायत को जांच का निर्देश
आजमगढ़, बलिया और मऊ में कुल 364 पंचायत सहायकों ने ऑनलाइन हाजिरी नहीं लगाई है, जिनमें से 41 ने कभी ...और पढ़ें

आजमगढ़: 364 पंचायत सहायकों की ऑनलाइन हाजिरी में गड़बड़ी, जांच के आदेश।
HighLights
आजमगढ़, बलिया, मऊ में 364 पंचायत सहायकों ने ऑनलाइन हाजिरी नहीं लगाई।
इनमें 41 ने कभी नहीं, 323 ने तीन माह से हाजिरी नहीं दी।
कमिश्नर ने डीपीआरओ को 30 सितंबर तक जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। पंचायती राज विभाग में आनलाइन हाजिरी नहीं लगाने का मामला प्रकाश में आया है। आजमगढ़ के साथ ही बलिया और मऊ में तैनात 364 पंचायत सहायको ने आनलाइन हाजिरी नहीं लगाई है। इसमें 41 पंचायत सहायक ऐसे है, जिन्होंने कभी आनलाइन हाजिरी नहीं लगाई है। इसके साथ ही 323 पंचायत सहायक विगत तीन माह से आनलाइन हाजिरी नहीं लगा रहे हैं।
विगत 16 सितंबर को कमिश्नर की अध्यक्षता में हुई पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक में यह मामला खुला है। इसके बाद तीनो जिले के डीपीआरओ को इन पंचायत सहायकों की तलाश कर उनके हाजिरी नहीं लगाने का कारण जानने के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर 30 सितंबर के पूर्व उप निदेशक पंचायत राज विभाग कार्यालय में देना है।
पंचायत सहायकों द्वारा आनलाइन हाजिरी नहीं लगाने के बाद अगर उनके खाते में वेतन का भुगतान हुआ है तो उसकी रिकवरी भी कराई जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर पंचायत सहायको के निलंबन की कार्रवाई की संस्तुति भी होगी। आजमगढ़ जिले में 23, बलिया में छह और मऊ में 12 पंचायत सहायको ने कभी आनलाइन हाजिरी नहीं लगाई है।
इसके साथ ही विगत तीन माह से आजमगढ़ के 204, बलिया के 57 और मऊ के 62 पंचायत सहायकों ने आनलाइन हाजिरी नहीं लगाई है। अब कमिश्नर ने आनलाइन हाजिरी नहीं लगाने पर सख्त रुख अख्तियार किया है। पंचायत सहायक आनलाइन हाजिरी क्यों नहीं लगा रहे हैं, इसका कारण डीपीआरओ और एडीओ पंचायत को पता करके रिपोर्ट देनी है, इसके बाद ही कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
