30 मुस्लिम महिलाओं ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता
आजमगढ़ भारतीय जनता महिला मोर्चा का विजय संकल्प महिला सम्मेलन का आयोजन भंवरनाथ स्थित एक मैरेज लॉन में हुआ। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री स्वाति सिंह व विशिष्ट अतिथि के रूप में आजमगढ़ लोकसभा सीट के प्रत्याशी दिनेश लाल निरहुआ मौजूद रहे। इस दौरान महिलाओं ने भाजपा को आजमगढ़ सीट पर विजय दिलाने का संकल्प लिया।
जासं, आजमगढ़ : शहर के ब्रह्मस्थान स्थित एक मैरेज हाल में आयोजित भाजपा महिला मोर्चा का विजय संकल्प महिला सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्यमंत्री स्वाति सिंह व विशिष्ट अतिथि आजमगढ़ लोकसभा सीट के प्रत्याशी दिनेश लाल निरहुआ की मौजूदगी में महिलाओं ने भाजपा को आजमगढ़ सीट पर विजय दिलाने का संकल्प लिया। सम्मेलन में 30 मुस्लिम महिलाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान राज्यमंत्री स्वाति सिंह ने तीन तलाक पर विरोधी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा। कहा कि मुस्लिम महिलाओं का तीन तलाक के नाम पर उनका उत्पीड़न किया जाता है। वहीं अन्य पार्टियां इन गंभीर मामलों पर राजनीति कर सिर्फ वोट लेने का काम करते है लेकिन नरेंद्र मोदी ने अपनी नियत साफ कर खुलकर तीन तलाक के खिलाफ रहे। जिलाध्यक्ष डॉ. संचिता बनर्जी ने सपा बसपा के गठबंधन को ठगबंधन बताते हुए कहा कि अपने अस्तित्व को बचाने व भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए इन दो पार्टियों का मेल हो रहा है। जनता अब इन दलों के मंसूबों को समझ चुकी है और इनको मुंह तोड़ जवाब देगी। संचालन जूही श्रीवास्तव ने किया। सम्मेलन को जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह, माला द्विवेदी, विभा बर्नवाल व बबिता जसरासरिया आदि ने संबोधित किया। इस दौरान सविता सोनकर, डा. पूनम सिंह, अल्का सिंह, जिशान फातिमा, नजराना, सरोज सिंह व अंजना सिंह सहित आदि उपस्थित थीं।