शरद पूर्णिमा पर अयोध्या के श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन, तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने जारी किया कार्यक्रम
Sharad Purnima In Ayodhya: शरद पूर्णिमा के अवसर पर रविवार को रामलला का विशेष पूजन-अर्चन होगा और देर रात्रि भगवान को खीर का विशेष भोग समर्पित किया जाएगा।

श्रीरामजन्मभूमि मंदिर, अयोध्या
HighLights
रात्रि में भगवान को अर्पित किया जाएगा खीर का विशेष भोग
संध्या आरती के बाद गर्भगृह के बाहर उत्तरी चबूतरे पर लाया जाएगा चल विग्रह
जागरण संवाददाता, अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अयोध्या 25 अक्टूबर रविवार को शरद पूर्णिमा के अवसर पर श्रीरामजन्मभूमि मंदिर, अयोध्या में विशेष आयोजन कर रहा है। इस दौरान प्रभु श्रीरामलला सरकार का विशेष पूजन-अर्चन किया जाएगा। परम्परानुसार रात्रि में भगवान को खीर का विशेष भोग अर्पित होगा तथा पारम्परिक पदगायन भी किया जाएगा।
तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुसार संध्या आरती के बाद अर्चक प्रमुख आचार्य केशव की उपस्थिति में श्रीरामलला के चल विग्रह को गर्भगृह के बाहर उत्तरी चबूतरे पर ले जाएंगे। जहां विशेष धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न होंगे। इस दौरान यहां श्रीरामलला को चांदनी में रखी खीर का भोग को लगेगा और मंदिर परिसर पदगायन से गूंजेगा।
शरद पूर्णिमा के अवसर पर रविवार को रामलला का विशेष पूजन-अर्चन होगा और देर रात्रि भगवान को खीर का विशेष भोग समर्पित किया जाएगा। इस आयोजन के लिए सुरक्षा के विशेष प्रबंध भी किए जा रहे हैं। इस दौरान उत्सवी वातावरण में पारंपरिक पदगायन भी किया जाएगा, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठेगा।
ट्रस्ट के समाचार प्रबंधक सुभाषचंद्र सिंह ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शरद पूर्णिमा की रात्रि में चंद्रमा अपनी 16 कलाओं से परिपूर्ण होता है। इस रात्रि चंद्रमा की किरणों से अमृतवर्षा होने की मान्यता है। इसी भाव से खीर को खुले आकाश के नीचे चांदनी में रखने तथा मध्यरात्रि के पश्चात उसे प्रसाद के रूप में ग्रहण करने की परंपरा है।
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी रामलला को विशेष खीर का भोग लगा कर उत्सवी वातावरण में पारंपरिक पदगायन भी होगा। राम मंदिर के धार्मिक व्यवस्था प्रमुख इंद्रदेव मिश्र ने बताया कि अर्चक प्रमुख आचार्य केशव शर्मा की उपस्थिति में संध्या आरती के उपरांत रामलला के चल विग्रह को गर्भगृह के बाहर स्थित उत्तरी चबूतरे पर लाया जाएगा। इसी स्थल पर शरद पूर्णिमा के विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रमुख आचार्य केशव ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र को पत्र लिखकर समुचित सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने का आग्रह किया था। शरद पूर्णिमा के विशेष आयोजन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र (सेवानिवृत्त) ने संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को कड़े सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
