विधानसभा चुनाव की आहट के बीच अयोध्या में सपा का संगठन अधर में, जिला और महानगर कमेटी अब तक बेहाल
अयोध्या में विधानसभा चुनाव की आहट के बावजूद समाजवादी पार्टी की जिला व महानगर कमेटी का गठन नहीं हो सका है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव। (तस्वीर- फाइल)
HighLights
अयोध्या में सपा की जिला व महानगर कमेटी भंग।
कार्यवाहक पदाधिकारियों के सहारे चल रही चुनावी तैयारी।
अखिलेश यादव ने पवन पांडेय को उम्मीदवार घोषित किया।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। प्रदेश में विधानसभा चुनाव की आहट साफ सुनाई पड़ने लगी है। इसके बावजूद समाजवादी पार्टी की जिला व महानगर कमेटी का गठन अभी तक नहीं हो सका। एक भी क्षत्रप सांगठनिक पुनर्गठन को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से वार्ता के लिए तैयार नहीं है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्तर का मामला बता कर वे पल्ला झाड़ लेते हैं। चाहे सांसद अवधेश प्रसाद हों या पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय पवन व पूर्व मंत्री आनंदसेन यादव। सभी के जवाब के केंद्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष ही रहते हैं। अचानक जिला व महानगर कमेटी को प्रदेश कमेटी ने बिना कारण बताये गत वर्ष 11 दिसंबर को भंग करने का आदेश प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने सुना दिया।
सांगठनिक कार्य प्रभावित न हो इस लिहाज से उसी कमेटी को कार्यवाहक के रूप में जिम्मेदारी भी सौंपी जिसको भंग करने का कारण आज तक नहीं बताया गया। कमेटी भंग होने के बाद अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी करने वाले लखनऊ की दौड़ लगाते-लगाते थक कर घर में बैठ गये।
इस बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लखनऊ में पांच अगस्त को आयोजित ब्राह्मण सम्मेलन में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अयोध्या सीट से पहला उम्मीदवार पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय पवन को घोषित कर दिया। पवन की उम्मीदवारी के बाद ही जिला व महानगर कमेटी की बहाली की चर्चा तेज हुई।
ब्राह्मण सम्मेलन को भी एक माह से ज्यादा का समय हो गया। कमेटी की बहाली नहीं हुई। महानगर कमेटी के अध्यक्ष रहे श्यामकृष्ण श्रीवास्तव की गिनती संगठन में पवन पांडेय के भरोसेमंद नेताओं में होती है। अयोध्या सीट का बड़ा हिस्सा महानगर कमेटी में आता है। ग्रामीण इलाका जिले की ब्लाक कमेटी में।
