अयोध्या में अखिलेश यादव, बोले- यहां हमारे प्रत्याशी के खिलाफ भाजपा को नहीं मिल रहा कैंडीडेट
Akhilesh Yadav in Ayodhya: अयोध्या में अखिलेश यादव ने भाजपा को निशाने पर रखा और कहा कि इस बार अयोध्या ...और पढ़ें

अयोध्या: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव
HighLights
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से लड़ने की दी चुनौती
अखिलेश बोले- अयोध्या ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में जनता उतार देगी भाजपा का पानी
सियासत या मजबूरी, प्राण प्रतिष्ठा के बाद तीसरी बार भी अखिलेश की रामलला से दूरी
जागरण संवाददाता, अयोध्या: रामनगरी में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद तीसरी बार पहुंचे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम मंदिर से दूरी बरकरार रखी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अयोध्या विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के प्रत्याशी पवन पाण्डेय के कृष्णापुर आवास पर भागवत कथा का श्रवण किया।
अयोध्या में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मीडिया से कहा कि जब से हमने अयोध्या में अपनी पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया है, भाजपा सर्वे पर सर्वे करा रही है। उन्होंने कहा कि हमको पता है कि हर सर्वे में भाजपा पीछे छूट जा रही है। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि सुनने में आ रहा है कि अयोध्या में भाजपा को नया प्रत्याशी ही नहीं मिल पा रहा है।
अखिलेश यादव की सीएम योगी आदित्यनाथ को चुनौती
अखिलेश यादव के कहा कि अयोध्या में विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अगर इतने ही आश्वस्त हैं तो खुद अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दे डाली। उन्होंने कहा कि दूध का दूध और पानी का पानी करने का झूठा दावा करने वाले का 'पानी' जनता उतार देगी। इस बार अयोध्या ही नहीं, पूरे प्रदेश की जनता 'धन' चुराने वालों को नहीं बख्शेगी।
सरकार बनने पर अयोध्या के विकास तो देंगे गति
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर अयोध्या के विकास को गति देंगे। सपा की सरकार में भेदभाव नहीं होगा। सुनिश्चित करेंगे कि अयोध्या के विकास का अधिकांश फायदा अयोध्या के लोगों को मिले, बाहरियों को नहीं। जैसे समाजवादी पेंशन दी थी, वैसे ही हर वर्ष महिलाओं को 40000 रुपये देंगे। अयोध्या की पहचान को वैश्विक स्तर पर ले जाने के लिए जो भी करना होगा, हमारी सरकार आने पर हम करेंगे।
सीख देती है भागवत कथा
अखिलेश यादव ने कहा कि ये प्रभु श्री राम की जन्मस्थली है। सभी हरि भक्त मिलकर जय राधे-श्याम कह रहे हैं। यही खूबसूरती है। मैं सोच रहा था कि अयोध्या जाकर किन बात को रखूंगा। हम बचपन से रामायण-महाभारत सुनते हैं। हमारे लिए प्रभु श्री राम ही प्रभु श्री कृष्ण हैं। कथा मन और मनोबल को बढ़ाती है। भागवत कथा सीख देती है। सत्ता की एजेंसियों को सीखना चाहिए कि प्रेम, दया और अपनापन ही सबसे बड़ा धर्म है।
अयोध्या से पवन पाण्डेय सपा के प्रत्याशी
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अयोध्या विधानसभा सीट से पवन पाण्डेय को अपनी पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया है। उन्होंने करीब दो महीने तेज नारायण पाण्डेय ‘पवन पाण्डेय’ के नाम की घोषणा की थी। अखिलेश यादव गुरुवार को पवन पाण्डेय के आवास पर भागवत कथा में शामिल होने पहुंचे थे।
