विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौन हैं MLA अभय सिंह, जो कभी सपा से निकाले गए थे? BJP ज्वॉइन करने से रामनगरी का बदलेगा समीकरण

Published: Wed, 14 Oct 2026 12:15 PM (IST)

गोसाईंगंज विधायक अभय सिंह बुधवार को भाजपा में शामिल होंगे, जिससे अयोध्या और गोसाईंगंज विधानसभा क्षेत्र में सियासी पारा चढ़ जाएगा।

अभय सिंह आज भारतीय जनता पार्टी ज्वॉइन करेंगे।

अभय सिंह आज भारतीय जनता पार्टी ज्वॉइन करेंगे।

HighLights

  1. विधायक अभय सिंह आज भाजपा में होंगे शामिल।

  2. गोसाईंगंज में सियासी समीकरणों में आएगा बदलाव।

  3. भाजपा को अभय-खब्बू में संतुलन साधना होगा।

प्रह्लाद तिवारी, अयोध्या। सपा के बागी विधायक अभय सिंह आज भाजपा में शामिल होंगे। अभय सिंह अयोध्या की गोसाईगंज विधानसभा सीट से विधायक हैं।

बता दें कि राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग के बाद अभय सिंह चर्चा में आए थे। क्रॉस वोटिंग के बाद समाजवादी पार्टी ने अभय सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया था।

औपचारिक सदस्यता से पहले भी अभय सिंह कई मौकों पर भाजपा के मंच पर दिखाई दिए थे।

भाजपा के लिए निर्भय होकर मैदान में उतरेंगे

विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सियासत का प्रमुख केंद्र बन चुकी रामनगरी का सियासी ताप अब और बढ़ेगा। बुधवार को गोसाईंगंज के विधायक अभय सिंह भाजपा का दामन थामेंगे, इसी के साथ वह भाजपा के लिए निर्भय होकर मैदान में उतर सकेंगे।

अमेठी के गौरीगंज में होने वाले सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में उनके भगवा खेमे में शामिल होने के साथ ही गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र में नए सियासी समीकरणों की चर्चा तेज हो गई है।

खास बात यह है कि भाजपा में पहले से ही पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी उर्फ खब्बू की मजबूत दावेदारी है। ऐसे में अभय सिंह की आमद के बाद पार्टी के सामने दोनों नेताओं के बीच संतुलन बनाने की चुनौती होगी।

रामनगरी का सियासी तापमान बढ़ा

रामनगरी का सियासी ताप एक सप्ताह से बढ़ा है। पूर्व मंत्री व सपा प्रत्याशी पवन पांडेय के आवास पर श्रीमद्भागवत कथा में आए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी।

फरवरी 2024 में हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायक अभय सिंह को जून 2025 में सपा ने पार्टी से निष्कासित कर दिया था। अब भाजपा में उनकी एंट्री को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले गोसाईगंज की राजनीति में अहम घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।

एक दल में होंगे दो पुराने प्रतिद्वंद्वी

गोसाईगंज की राजनीति में अभय सिंह और खब्बू तिवारी की अदावत किसी से छिपी नहीं है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में खब्बू तिवारी की पत्नी आरती तिवारी भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में थीं, लेकिन उन्हें अभय सिंह के सामने पराजय का सामना करना पड़ा था।

अब दोनों नेताओं के एक ही दल में आने से पुरानी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता भाजपा के भीतर नए समीकरणों को प्रभावित कर सकती है। दोनों की क्षेत्र में अपनी-अपनी राजनीतिक जमीन और समर्थक हैं। ऐसे में टिकट की दावेदारी से लेकर संगठन में भूमिका तक, कई स्तरों पर संतुलन साधना भाजपा नेतृत्व के लिए अहम होगा।

दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच भी सोशल मीडिया पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि पार्टी नेतृत्व दोनों नेताओं को किस तरह समायोजित करता है और गोसाईंगंज में संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने के लिए क्या रणनीति अपनाता है।

यह भी पढ़ें- अमेठी में आज सपा के 3 बागी विधायक भाजपा में होंगे शामिल, स्मृति ईरानी समेत कई दिग्गज नेता रहेंगे मौजूद