विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रुदौली में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, तीन दिन की मोहलत से दुकानदारों में मची अफरातफरी

By Nafees Edited By: Shivam Yadav
Published: Sat, 19 Sep 2026 08:24 PM (IST)

अयोध्या के रुदौली में कटरा मोहल्ले में अतिक्रमण विरोधी अभियान चला, जिससे दुकानदारों में अफरातफरी मच गई।

रुदौली नगर कटरा तिराहे पर बुलडोजर से अतिक्रमण हटाती पीडब्ल्यूडी व प्रशासनिक टीम: जागरण

रुदौली नगर कटरा तिराहे पर बुलडोजर से अतिक्रमण हटाती पीडब्ल्यूडी व प्रशासनिक टीम: जागरण

जागरण संवाददाता, अयोध्या। रुदौली के कटरा मोहल्ले में शुक्रवार को अतिक्रमण विरोधी अभियान शुरू होते ही दुकानदारों में खलबली मच गई। हनुमान मंदिर के सामने सड़क और सार्वजनिक भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन और पीडब्ल्यूडी की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची। कार्रवाई शुरू होते ही अतिक्रमण की जद में आ रहे दुकानदार आनन-फानन में सामान समेटते नजर आए।

एसडीएम विनोद कुमार, सीओ अरविंद सोनकर, कोतवाल और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की टीम शुक्रवार दोपहर बाद कटरा मोहल्ले में पहुंची। अधिकारियों ने हनुमान मंदिर के सामने सड़क, नालियों और सार्वजनिक स्थान पर किए गए अतिक्रमण का जायजा लिया। इसके बाद बुलडोजर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। अचानक हुई कार्रवाई से आसपास के दुकानदारों में अफरातफरी का माहौल बन गया।

पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने मौके पर मौजूद दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लाल निशान तक किए गए सभी अतिक्रमण को स्वयं हटा लें। अधिकारियों ने इसके लिए तीन दिन की मोहलत दी है। चेतावनी दी गई कि निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन और पीडब्ल्यूडी की टीम बुलडोजर से अतिक्रमण ध्वस्त करेगी।

अभियान की जानकारी मिलते ही दुकानदारों ने सड़क और नालियों पर रखा सामान हटाना शुरू कर दिया। कई दुकानदार अपना सामान दुकानों के भीतर समेटते दिखाई दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क और सार्वजनिक भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।

तीन दिन बाद फिर पहुंचेगा बुलडोजर

पीडब्ल्यूडी और स्थानीय प्रशासन की ओर से दी गई तीन दिन की समय सीमा पूरी होने के बाद अतिक्रमण हटाने का अभियान दोबारा चलाया जाएगा। ऐसे में लाल निशान की जद में आने वाले दुकानदारों के सामने अब स्वयं अतिक्रमण हटाने की चुनौती है। समय सीमा के बाद कार्रवाई होने पर बुलडोजर से अतिक्रमण ध्वस्त किया जाएगा।