प्रयागराज ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे: अयोध्या में भूमि अधिग्रहण शुरू, क्रय-विक्रय पर रोक
अयोध्या से सुलतानपुर तक प्रस्तावित प्रयागराज ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू हो गई है।
-1789566750470_m.webp)
प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
प्रयागराज ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू हुई।
प्रस्तावित भूमि के क्रय-विक्रय व श्रेणी परिवर्तन पर रोक।
अयोध्या से सुलतानपुर तक सिक्सलेन हाईवे का निर्माण।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। अयोध्या से सुलतानपुर तक प्रस्तावित हाई स्पीड एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे/कारिडोर के लिए भूमि अर्जन की प्रक्रिया शुरू हो गई। इसमें प्रस्तावित भूमि के क्रय-विक्रय,सट्टा, इकरारनामा,दानपत्र, श्रेणी परिवर्तन व प्रभावित सरकारी भूमि के आवंटन पर रोक लगा दी गई है। एडीएम भूमि अध्याप्ति कौशल किशोर ने बताया कि अब प्रस्तावित भूमि की प्रकृति में कोई बदलाव नहीं किया जा सकता।
बताया कि प्रस्तावित भूमि अर्जन के लिए थ्री (ए) का प्रकाशन कर आपत्तियां मांगी गई हैं। बताया थ्री (ए) में उन किसानों का नाम होता है जिनकी भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। भूमि अधिग्रहण में आपत्तियां मांगना प्रारंभिक प्रक्रिया है। अपर जिलाधिकारी (भूमि अध्याप्ति) कौशल किशोर भूमि अर्जन अधिकारी नामित हो चुके हैं।
90 मीटर चौड़ाई में भूमि का अधिग्रहण
जिले की सदर, सोहावल व बीकापुर तहसील की 38 ग्राम पंचायतों से होकर जाएगा। एनएचएआई कार्यदायी संस्था है। परियोजना अधिकारी अवनीश सिद्धार्थ के अनुसार यह सिक्सलेन हाईवे होगा। सिक्सलेन के लिए 90 मीटर चौड़ाई में भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। बताया कि इसे रिंग रोड से जोड़ा जाएगा जो प्रयागराज हाईवे से जुड़ेगा।
अयोध्या में इसका जीरो प्वाइंट व प्रयागराज हाईवे से जोड़ने के लिए भारत सरकार के स्तर पर निर्णय अभी लंबित है। सदर तहसील के जिन गांवों से इस मार्ग को गुजरना है, उनमें नरायनपुर, अकवारा, सुक्खापुर, इटौरा, बिरौली व भदोखर हैं। भदोखर के पास यह रिंग रोड से जुड़ेगा। इसी तरह प्रयागराज हाईवे से बीकापुर तहसील के चौरेबाजार के पास यह जुड़ेगा।
बीकापुर तहसील की चौरे चंदौली व माझा सौनौरा ग्राम पंचायत के अलावा रंडौलीपाली पश्चिम, कूरेभारी, प्रतापपुर उर्फ बरहूपुर, रामनगर, रतनपुरतेंदुवा, नुवावां, बैदरा, शाहापारा, भैरवपुर टिकरा, गोविंदपुर, रुपीपुरबझना, प्रानपुर किलहना, गंडई, करनपुर, दुवावां,मानापुर, उसरी, मलिकपुर,तोरोमाफी, वासुदेवपुर,पातूपुर, गुंधौर, हरिदासपुर, शेरपुर, बबुरिहा कौंधा, इछौरी जेरुवा, भावापुर से इस मार्ग का जाना प्रस्तावित है।
