विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या के इस इलाके में बन रहा 6KM लंबा 'लक्ष्मण पथ', 30 मीटर चौड़े फोरलेन पर हेलीकॉप्टर भी उतर सकेगा

Published: Sun, 16 Nov 2025 05:18 PM (IST)

अयोध्या में बरसात के बाद लक्ष्मण पथ का निर्माण फिर से शुरू हो गया है, जिसकी शुरुआत गुप्तारघाट से हुई ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. लक्ष्मण पथ का निर्माण फिर शुरू

  2. 6.07 किमी लंबा होगा लक्ष्मण पथ

  3. 2026 तक पूरा होने का लक्ष्य

जागरण संवाददाता, अयोध्या। बरसात का सीजन समाप्त होने के बाद फिर से लक्ष्मण पथ का निर्माण शुरू हो गया है। इस बार निर्माण जीरो प्वाइंट, गुप्तारघाट से शुरू है, पहले बीच से शुरू हुआ था। यह पथ 6.07 किमी. लंबा है। इस परियोजना की लागत 180 करोड़ रुपये है। निर्माण खंड-तीन इसकी कार्यदायी संस्था है। फोर लेन पथ के पिच की चौड़ाई 30 मीटर है।

पटरी व स्लोप आदि लेकर यह 45 मीटर है। लक्ष्मण पथ का गुप्तारघाट-नयाघाट बंधा के समानांतर निर्माण हो रहा है। सड़क की चौड़ाई 30 मीटर होने से अयोध्या-बिल्वहरिघाट बंधे की तरह इस पर भी हेलीकाप्टर उतारा जा सकेगा।

मुख्यमंत्री जब पौधारोपण महोत्सव कार्यक्रम में नौ जुलाई को आए थे, तो उनका हेलीकाप्टर बिल्वहरिघाट बंधा के फोरलेन पर उतारा गया था। गुप्तारघाट से लक्ष्मण पथ होते हुए सीधे अयोध्या पहु़ंचा जा सकेगा। लक्ष्मण पथ और 14 कोसी परिक्रमा पथ के बीच में करीब एक किमी. चौड़ाई में पर्याप्त भूमि है, जिस पर धीरे-धीरे आबादी बसना शुरू है।

दोनों तरफ फोरलेन होने से आने वाले कुछ महीने में इसके बीच की भूमि भी सोना के भाव बिकने लगेगी। मंदिर संग्रहालय का भी निर्माण किया जाना है। कार्यदायी संस्था 31 मार्च 2026 तक लक्ष्मण पथ को तैयार करने का दावा कर रही है।

इससे पहले रामनगरी में रामपथ, भक्तिपथ, धर्मपथ व रामजन्मभूमि पथ पहले से है। अगले वर्ष लक्ष्मण पथ भी रामनगरी का हिस्सा हो जाएगा।