अयोध्या के रुदौली में जल जीवन मिशन ठेकेदारों की मनमानी, मुख्यमंत्री के आदेशों की अनदेखी
रुदौली में जल जीवन मिशन के ठेकेदार पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं कर रहे हैं, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त आदेश के बावजूद रुदौली में जल जीवन मिशन के ठेकेदार अपनी मनमानी पर आमादा हैं।
नगर के अशफाक उल्ला खां वार्ड के मोहल्ला सोफियाना में 10 दिन पूर्व इंटरलाकिंग मार्ग की खोदाई कर पाइप लाइन बिछाई गई लेकिन मार्ग को उसी स्थिति में छोड़ दिया गया। ठेकेदार ने खोदे गए मार्ग को ठीक नहीं कराया।
अब लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना है। स्कूली बच्चे गिर कर चोटिल हो रहे हैं। दो पहिया वाहन ले कर चलना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है।
ऐसे ही नगर के पुरुषोत्तम नगर वार्ड का मोहल्ला शेखाना, वीर अब्दुल हमीद वार्ड का मोहल्ला पूरे खान सहित अन्य कई मोहल्लों में इंटरलाकिंग व सीसी मार्ग की खोदाई कर पाइप लाइन तो बिछाई गई लेकिन मार्ग की मरम्मत नहीं कराई गई। यह समस्या लोगों के लिए किसी मुसीबत से कम नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जल जीवन मिशन के अधिकतर ठेकेदार गैर जिलों के हैं, जो अपनी मर्जी से कार्य करते हैं। मार्गों की मरम्मत कराने की बात तो करते हैं लेकिन कार्य पूर्ण होने पर उनका कहीं पता नहीं चलता है।
बीती दो मई को मुख्यमंत्री ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत खोदी गईं सड़कों को ठीक करने और गड्ढों को भरने का सख्त निर्देश दिया था। उन्होंने कहा था कि काम पूरा होते ही गड्ढों को तत्काल बंद किया जाय।
इसमें लापरवाही बरतने वाली कार्यदायी संस्थाओं व ठेकेदारों पर जुर्माना लगाया जाय और उनको ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई की जाय।
जल जीवन मिशन से जुड़े सभी ठेकेदारों को पाइप लाइन बिछाने के बाद तत्काल गड्ढों को पाटकर पुनः मार्ग की मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया है। यदि कहीं काम आधा अधूरा रह गया है तो उसे पूर्ण कराया जायेगा।
-विवेक कुमार, अवर अभियंता, जल निगम रुदौली
