विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या में UP कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय ने किया रामलला का दर्शन, बोले- हम पद के लालची नहीं, ईश्वर देगा फल

Published: Wed, 07 Oct 2026 05:28 PM (GMT+05:30)

Ajay Rai: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से हटाए जाने को लेकर अजय राय ने कहा कि हम ...और पढ़ें

HighLights

  1. जन्मदिन पर अयोध्या पहुंचे अजय राय बोले- हम तो काम करने वाले लोग

  2. अजय राय बोले- हम काशी वासी हैं, बाबा विश्वनाथ की नगरी से चलकर अयोध्या आए

जागरण संवाददाता, अयोध्या। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अजय राय बुधवार को अपने जन्मदिन पर राम नगरी अयोध्या पहुंचे। अयोध्या में अजय राय ने रामलला और हनुमान गढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन किया।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से हटाए जाने को लेकर अजय राय ने कहा कि हम लोग पद के लालची नहीं हैं। लोगों की सेवा करना, भगवान के प्रति निष्ठा, आस्था हमारे खून में है। हम तो कांग्रेस की अभी भी सेवा कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि हम तो काशी वासी हैं। बाबा विश्वनाथ की नगरी से चलकर आए हैं। अभी हनुमान गढ़ी और भगवान राम का दर्शन किया है। अब फिर काशी जाना है। उन्होंने कहा कि हम लोग तो काम करने वाले लोग हैं, मेहनत करने वाले लोग हैं। कर्म हम करते हैं, मेहनत हम करते हैं और फल देना तो ईश्वर के हाथ में है।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अपना जन्मदिन मनाने काशी से अयोध्या पहुंचे। राय ने रामलला के दर्शन कर भगवान हनुमंतलला का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि जन्मदिन पर रामनगरी आकर भगवान राम के दर्शन करना सौभाग्य की बात है।

अजय राय ने कहा कि उनका उद्देश्य जनता की सेवा करना और लोगों के बीच बने रहना है। प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने के सवाल पर उन्होंने इसे कांग्रेस पार्टी का निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी और समय दिया, उसमें उन्होंने पूरी ताकत से काम किया।

अजय राय ने कहा कि आगे भी पार्टी के निर्णय को स्वीकार करते हुए कांग्रेस को मजबूत करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि आज व्यक्तिगत नहीं, बल्कि देश और राष्ट्र की बात है और कांग्रेस को मजबूत करना उनका उद्देश्य है।

अजय राय ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि कांग्रेस मजबूती से आगे बढ़ रही है और सरकार बनाने का दावा किया। गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि फैसला कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा, जबकि कार्यकर्ता अपना काम मजबूती से कर रहे हैं। भगवान राम की कृपा बनी रहे, जनता की सेवा करता रहूं, पार्टी को मजबूत करूं और आप सबके बीच प्यार-मोहब्बत बांटता रहूं।