सीईओ जितेंद्र मिश्र ने यात्री सुविधा केंद्र में परखी गणना कक्ष की भी व्यवस्थाएं, ईमानदारी के कार्य करने का निर्देश
CEO Jitendra Mishra: सीईओ ने कहा, जिनका जो कार्य हो, उसे पूरी निष्ठा से निभाएं। कहीं कोई समस्या आ रही हो तो निःसंकोच उन्हें बताएं।

राम मंदिर परिसर में विभिन्न कार्यों को संपादित कर रहे कर्मचारियों से मुखातिब सीईओ सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र
HighLights
सीएम से मिले निर्देशों से कर्मियों को अवगत करा फिर दिल्ली लौटे सीईओ जितेंद्र मिश्र
राम मंदिर परिसर में विभिन्न कार्यों को संपादित कर रहे कर्मचारियों से पहली बार मुखातिब हुए सीईओ
ईमानदारी से करें कार्य, रखें पारदर्शिता : सीईओ जितेंद्र मिश्र
जागरण संवाददाता, अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सीईओ सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र बुधवार को पहली बार राम मंदिर परिसर में विभिन्न कार्यों को संपादित कर रहे कर्मचारियों से मुखातिब हुए। उन्होंने अपना परिचय बताते हुए सभी कर्मियों से परिचय पूछ कर उनके दायित्वों की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले निर्देशों से कर्मियों को अवगत कराया। कहा, कोई समस्या होने पर सीधे संपर्क करें। प्रत्येक कार्य पूरी ईमानदारी से किया जाए। मंदिर में आने वाले दर्शनार्थियों का ध्यान रखा जाए।
यात्री सुविधा केंद्र (पीएफसी) के सभा कक्ष में दोपहर बाद हुई बैठक में सीईओ जितेंद्र मिश्र ने ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास के साथ सभी प्रभारियों से उनके कार्यों और कर्मचारियों की संख्या की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने एक एक कर सभी कर्मियों से उनके दायित्वों के बारे में पूछा।
लगभग घंटे भर चली बैठक में सीईओ ने कहा, जिनका जो कार्य हो, उसे पूरी निष्ठा से निभाएं। कहीं कोई समस्या आ रही हो तो निःसंकोच उन्हें बताएं। उन्होंने परिसर में ही स्थित गणना कक्ष की व्यवस्थाएं और गणना प्रक्रिया को भी समझा। इस दौरान सभी मानकों का पूर्णतः पालन करने का निर्देश दिया। बैठक के बाद सीईओ ने सुरक्षा संबंधी जानकारी भी प्राप्त की।
इसके बाद वह शाम को रेल मार्ग से फिर दिल्ली वापस लौट गए हैं। सीईओ ने बताया कि कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक करके उनके दायित्वों की जानकारी ली गई है। साथ ही प्रत्येक कार्यों को पारदर्शी ढंग से निष्ठापूर्वक संपन्न करने का निर्देश दिया गया। शीघ्र ही वह पुनः अयोध्या आकर व्यवस्थाओं की निगरानी का दायित्व संभालेंगे।
कार्यालय के लिए स्थान नहीं निश्चित
ट्रस्ट ने अभी सीईओ के कार्यालय के लिए स्थान नहीं निश्चित किया है। अभी उन्हें पीएफसी में स्थित ट्रस्ट कार्यालय में बैठाया जा रहा है। माना जा रहा कि कार्यदायी एजेंसियों की वापसी के बाद रिक्त हुए भवन में सीईओ का स्थायी कार्यालय बनाया जाएगा।
