असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पहुंचे अयोध्या, बोले- अखिलेश यादव में अयोध्या से चुनाव लड़ने का दम नहीं
Himanta Biswa Sarma: असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव में अयोध्या से चुनाव लड़ने की ताकत नहीं है।

अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा
HighLights
अयोध्या में दूसरी बार किया रामलला का दर्शन-पूजन
कोलकाता में पूजा पंडाल में हुई घटना पर व्यक्त किया दुख
जागरण संवाददाता, अयोध्या : असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा रविवार को अयोध्या पहुंचे। राम नगरी में उन्होंने भगवान श्रीराम लला का दर्शन-पूजन किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में हिमंत बिस्वा सरमा ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर बड़ा बयान दिया।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव बीते दिनों अयोध्या आए, लेकिन उन्होंने यहां रामलला का दर्शन नहीं किया। पूरी दुनिया से लाखों लोग रोज अयोध्या आकर भगवान श्रीराम लला का दर्शन-पूजन करते हैं, लेकिन अखिलेश यादव ने यहां आकर दर्शन नहीं किया।
अखिलेश यादव डर गये
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अखिलेश यादव ने अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी, जब योगी जी ने उनकी चुनौती स्वीकार कर ली तो अखिलेश यादव डर गये। असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि उनमें अयोध्या से चुनाव लड़ने की ताकत नहीं है। हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को सीएम योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव के अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती पर प्रतिक्रिया दी।
कोलकाता में पूजा पंडाल में हुई घटना पर उन्होंने दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और इस मुश्किल घड़ी में सभी प्रभावित लोगों के साथ खड़े हैं। हिमंत बिस्वा सरमा के मुताबिक, सरकार की ओर से चिकित्सा समेत जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचने पर भाजपा विधायक वेद प्रकाश गुप्ता के साथ कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह दूसरा मौका होगा, जब वह रामलला के दर्शन करेंगे। हिमंत बिस्वा सरमा ने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि वह श्रद्धांजलि देने के लिए बस्ती जा रहे हैं।
