विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या का मॉडल कुंड बनेगा 'पुरुषोत्तम नगर' वार्ड का सरकारी तालाब, कबीर जलाशय होगा नाम

Published: Thu, 01 Oct 2026 08:40 AM (IST)

अयोध्या के पुरुषोत्तम नगर वार्ड स्थित सरकारी तालाब को लगभग 3.85 करोड़ रुपये की लागत से 'कबीर जलाशय' नामक एक मॉडल कुंड के रूप में विकसित किया जाएगा।

मॉडल कुंड बनेगा 'पुरुषोत्तम नगर' वार्ड का सरकारी तालाब।

मॉडल कुंड बनेगा 'पुरुषोत्तम नगर' वार्ड का सरकारी तालाब।

HighLights

  1. पुरुषोत्तम नगर वार्ड का तालाब बनेगा मॉडल कबीर जलाशय।

  2. अयोध्या विकास प्राधिकरण 3.85 करोड़ रुपये से करेगा जीर्णोद्धार।

  3. जल संरक्षण, सौंदर्यीकरण और प्राचीन जल निकायों का होगा संरक्षण।

विनोद यादव, अयोध्या। कबीर मठ के बगल स्थित सरकारी तालाब अब जल संरक्षण की नजीर बनेगा। पुरुषोत्तम नगर वार्ड स्थित तालाब को माडल कुंड के रूप में विकसित किया जाएगा।

अयोध्या विकास प्राधिकरण लगभग तीन करोड़ 85 लाख रुपए से तालाब का जीर्णोद्धार एवं उच्चीकरण कराएगा। एडीए ने शासन को प्रस्ताव भेजा है। रामनगरी के व्यापक बदलाव और प्राचीन जल निकायों के प्राकृतिक संरक्षण की मुहिम के तहत तालाब का चयन एडीए ने किया है।

इसके तहत तालाब में वर्षों से जमा कचरे, प्लास्टिक और गाद की गहराई से सफाई कराई जाएगी, जिससे जल धारण क्षमता में वृद्धि हो सके। साथ ही जलकुंभी व अन्य खरपतवार से मुक्त किया जाएगा, जिससे पानी की गुणवत्ता में सुधार हो सके।

इस जल स्रोत को बिना रसायन के भी शुद्ध करने के लिए एडीए लेक मैन आफ इंडिया आनंद मल्लिगावड की तकनीक अपना सकता है। इसमें पुरानी प्राकृतिक और देसी तकनीकों का इस्तेमाल कर पानी को शुद्ध किया जाता है। अधिकारी इसको लेकर उत्साहित भी हैं।

सुलतानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एयरपोर्ट के निकट चांदपुर गांव स्थित है। सीमा विस्तार के बाद यह गांव महानगर में शामिल हो चुका है, जो पुरुषोत्तम नगर वार्ड के अंतर्गत आता है। गांव के दक्षिणी क्षाेर पर एक सरकारी तालाब है। तालाब के निकट कबीर मठ है।

पार्षद प्रतिनिधि ओरौनी पासवान ने 14 जुलाई को तालाब का सुंदरीकरण कराने व फौव्वारा लगाने का प्रस्ताव भेजा है। तालाब का नामकरण भी कबीर जलाशय के नाम से करने की मांग की गई है। तालाब का क्षेत्रफल लगभग 15 बीघा है। सुंदरीकरण के दौरान मिट्टी के कटाव का प्रबंध करने के साथ-साथ श्रद्धालुओं व स्थानीय नागरिकों के लिए तालाब के चारों तरफ घाटों का निर्माण कराया जाएगा।

इतना ही नहीं आकर्षक लाइटिंग के साथ प्रकाश व्यवस्था के अलावा यहां लोगों के टहलने के लिए इंटरलाकिंग ट्रैक भी बनवाने का प्रस्ताव है। पर्यावरण को स्वच्छ और हराभरा बनाए रखने के लिए इसके चारों तरफ पौधारोपण कराया जाएगा। यहां के लोगाें को मानना है कि बगल में स्थित कबीर मठ को देखते हुए उनके उपदेशों को प्रदर्शित करने वाले बोर्ड या उनसे जुड़ी संरचना का निर्माण कराया जाएगा।

निकाय चुनाव के दौरान कबीर मठ परिसर में लगी संत कबीर की मूर्ति के समक्ष तालाब का नामकरण कबीर जलाशय कराने व इसके सुंदरीकरण का संकल्प लिया था। इसका प्रस्ताव नगर निगम को दिया गया था।

ओरौनी पासवान, पार्षद प्रतिनिधि, पुरुषोत्तम नगर वार्ड

तालाब के सुंदरीकरण को लेकर प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया गया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा।
अनुराज जैन, उपाध्यक्ष, एडीए