विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामनगरी से 40 हजार श्रद्धालुओं ने की चारधाम तक की आभासी दर्शन यात्रा, 12 ज्योतिर्लिंगों को भी देखा

Published: Fri, 18 Sep 2026 05:43 PM (IST)

अयोध्या में हनुमानगढ़ी के पास दुर्लभ दर्शन केंद्र श्रद्धालुओं को वर्चुअल रियलिटी तकनीक से चारधाम, 12 ज्योतिर्लिंगों और अन्य पवित्र स्थलों का आभासी अनुभव दे रहा है।

रामनगरी से 40 हजार श्रद्धालुओं ने की चारधाम तक की आभासी दर्शन यात्रा।

रामनगरी से 40 हजार श्रद्धालुओं ने की चारधाम तक की आभासी दर्शन यात्रा।

HighLights

  1. अयोध्या में दुर्लभ दर्शन केंद्र दे रहा आभासी धार्मिक यात्रा का अनुभव।

  2. चारधाम, 12 ज्योतिर्लिंगों सहित कई पवित्र स्थलों के दर्शन संभव।

  3. 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने उठाया आधुनिक तकनीक का लाभ।

रविप्रकाश श्रीवास्तव, अयोध्या। रामनगरी में धर्म और विज्ञान का अनूठा संगम भी देखने को मिल रहा है। अयोध्याधाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को चारधाम की यात्रा का अनोखा अनुभव मिल रहा है। इसके लिए हजारों किलोमीटर की लंबी दूरी तय करने की जरूरत नहीं।

हनुमानगढ़ी के निकट राजद्वार पार्क स्थित दुर्लभ दर्शन केंद्र 15 मिनट में चारधाम सहित कई पवित्र स्थलों के दर्शन का आभासी अनुभव प्रदान कर रहा है। इस तकनीक ने आराध्य और भक्त के बीच की दूरी को मिटा दिया है। गर्भगृह में जलाभिषेक हो रहा है, तो जल के छींटे आप पर पड़ेंगे।

गर्भगृह से उठने वाली फूलों एवं इत्र आदि की सुगंध का अनुभव करने के साथ ही मंत्रोच्चार भी सुनाई देते हैं। गर्भगृह की प्रणावायु की भी अनुभूति इस तकनीक से हो रही है। नवंबर 2024 में शुरू हुए इस केंद्र में अब तक करीब 40 हजार पर्यटक और श्रद्धालु आभासी धार्मिक यात्रा का आनंद ले चुके हैं। यह यात्रा वास्तविक नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक पर आधारित वर्चुअल रियलिटी अनुभव है।

केंद्र में थ्री-डी और सिक्स-डी तकनीक से युक्त वर्चुअल रियलिटी हेडसेट के जरिए दर्शन कराए जाते हैं। श्रद्धालु हेडसेट पहनते ही महसूस करते हैं जैसे वे मंदिर के गर्भगृह में भगवान के निकट बैठे हों। यहां पुरी की जगन्नाथ रथ यात्रा, 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के साथ-साथ चारधाम की संपूर्ण आभासी यात्रा का सजीव अनुभव मिलता है।

इसके अलावा राममंदिर, हनुमानगढ़ी, कनक भवन, दशरथ महल, सूर्यकुंड, गुप्तारघाट, नागेश्वरनाथ मंदिर और सरयू तट के दर्शन भी इसी तकनीक से कराए जा रहे हैं। विकास प्राधिकरण की अनुमति से भोपाल की टैक्सएक्सास इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड इस दुर्लभ दर्शन केंद्र का संचालन कर रही है। थ्री-डी दर्शन के लिए प्रति व्यक्ति 150 रुपये तथा सिक्स-डी दर्शन के लिए 250 रुपये शुल्क निर्धारित है।

दुर्लभ दर्शन केंद्र के प्रोडक्शन हेड हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से मंदिरों का प्रत्यक्ष दर्शन जैसा अनुभव मिलने से श्रद्धालु विशेष रूप से आकर्षित हो रहे हैं। कई लोग परिवार सहित आते हैं और बच्चों को भी यह अनुभव पसंद आता है।

अयोध्या में राममंदिर प्राण-प्रतिष्ठा के बाद पर्यटन में हुई वृद्धि के साथ ऐसे तकनीकी नवाचारों ने श्रद्धा और पर्यटन दोनों को नई दिशा दी है। दूर-दराज से आने वाले यात्री अब एक ही स्थान पर कई तीर्थ स्थलों के दर्शन का लाभ उठा रहे हैं।

40 हजार से अधिक लोगों के इस अनुभव का लाभ उठाना इसकी लोकप्रियता का प्रमाण है। आने वाले दिनों में केंद्र में और सुविधाएं जोड़ने की भी संभावना व्यक्त की जा रही है, जिससे और अधिक श्रद्धालु लाभांवित हो सकें।

इस केंद्र का प्रमुख कार्यक्रम अयोध्या दर्शन है, जो अभिनेता आशुतोष राणा की ओर से प्रस्तुत किया जाता है। आशुतोष राणा दुर्लभ दर्शन केंद्र के ब्रांड एंबेसडर भी हैं।

दुर्लभ दर्शन एप के माध्यम से भी लोग घर बैठे आभासी धार्मिक यात्रा कर सकते हैं। विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराज जैन ने कहाकि प्राधिकरण के सहयोग से संस्था दुर्लभ दर्शन केंद्र का संचालन कर रही है।

यह भी पढ़ें- अमेठी में कक्षा पांच तक पहुंचेगा ‘निपुण’ का लक्ष्य, बच्चों के सीखने की क्षमता पर होगा फोकस