‘साहब! दारोगा की बीवी ने नाली पर कब्जा कर रखा है’ कोतवाली में लगा आरोप, उधर थाने में झगड़ पड़ी सास-बहुएं
समाधान दिवस पर राजस्व संबंधी विवादों की भरमार रही, जहां दारोगा की पत्नी द्वारा नाली पर कब्जे और जमीन विवादों की शिकायतें सामने आईं।

समाधान दिवस पर रुदौली कोतवाली में निरीक्षक संजय मौर्य से शिकायत करते अरविंद गोस्वामी: जागरण
HighLights
रुदौली में दारोगा की पत्नी पर नाली कब्जे का आरोप।
कुमारगंज थाने में सास-बहू के बीच संपत्ति विवाद।
समाधान दिवस पर राजस्व संबंधी विवादों की अधिकता।
जागरण टीम, अयोध्या। रुदौली कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस में पूरे महादेव मजरे अमहटा निवासी अरविंद गोस्वामी पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि साहब दारोगा की पत्नी ने सरकारी नाली पर करीब तीन साल से कब्जा कर रखा है।
कब्जेदार के पति बनारस में दारोगा हैं, जिसके चलते तीन साल से नाली पर कब्जा बरकरार है। एक साल से लगातार प्रार्थनापत्र दे रहा हूं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
अरविंद ने बताया कि नाली बंद होने से पूरे रोड पर जलभराव रहता है। इससे सड़क भी खराब हो रही है। गांव में चार दिव्यांग और तीन दृष्टिबाधित लोग हैं। जलभराव के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी परेशानी होती है। निरीक्षक संजय मौर्य ने जांच करा कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ऐहार निवासी जावेद ने बताया कि उनकी दुकान के सामने सुखलाल, कोलई और बब्लू कूड़ा फेंकते हैं। इतना ही नहीं, वहां बच्चों को शौच भी कराया जाता है। उन्होंने गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग की।
मोहल्ला ईदगाहन निवासी मोहम्मद सलमान ने कहा कि मोहल्ले के ही मोहम्मद इस्लाम उनकी बैनामे की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। सलमान के मुताबिक, विपक्षी की जमीन ईदगाह-चितईपुर मार्ग के चौड़ीकरण में चली गई है, जिसके बाद वह उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
कुमारगंज थाना में दिखा सास-बहू का झगड़ा
कुमारगंज थाने में समाधान दिवस पर सास-बहू का झगड़ा छाया रहा। इटौंजा गांव निवासी जुबैदा खातून अपनी बहुओं के साथ पहुंची थीं।
समस्या सुन रहे थाना प्रभारी सुरेश पटेल के सामने जुबेदा खातून हाथ जोड़ कर बोलीं। साहब हमारे पांच बेटे हैं। सभी लोगों ने बंटवारा कर लिया है। मेरा हिस्सा नहीं लगा रहे हैं। ये हमारी बहुएं हैं, लेकिन मेरा कहना नहीं मानती हैं।
तभी वहां मौजूद बड़ी बहू शाइदा बोलती है कि साहब ये झूठ बोल रही हैं इन्होंने बंटवारे के समय अपना हिस्सा नहीं लिया। सबको बराबर बराबर बांट दिया गया है। अब ये हिस्सा मांग रही हैं तो अब अपने हिस्से से कौन देगा। तभी छोटी बहू भी सास जुबैदा के खिलाफ बोलने लगी।
इसे लेकर सास और बहुओं में झगड़ा होने लगा। पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। जोरियम गांव के कर्मराज का आरोप था कि उनके विपक्षी जमीन पर अवैध कब्जा कर रहे हैं। रोकने पर मारपीट की।
राजस्व संबंधी विवाद रहे अधिक
शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में राजस्व संबंधी विवाद अधिक रहे। रुदौली कोतवाली में आठ, पटरंगा में 11, मवई में आठ, बाबा बाजार में 13, बीकापुर में 17, गोसाईंगंज में दस, पूराकलंदर में आठ, तारुन में सात, खंडासा में पांच शिकायतें राजस्व विवाद से संबंधित रहीं। इसी प्रकार कोतवाली नगर, कोतवाली अयोध्या, कैंट, महराजगंज, हैदरगंज सहित अन्य थानों में भी राजस्व विवाद से जुड़े प्रकरण रहे।
