विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या रामलला मंदिर : कोटा बढ़ाने के बाद भी दीपोत्सव के दसवें संस्करण के दिन के सभी दर्शन पास बुक

Published: Sat, 24 Oct 2026 07:40 PM (IST)

Ayodhya Mandir Darshan Passes: सात नवंबर की शाम को दीपोत्सव के समय का एक भी पास उपलब्ध नहीं है, जबकि ...और पढ़ें

सात नवंबर की शाम को दीपोत्सव के समय का एक भी पास उपलब्ध नहीं

सात नवंबर की शाम को दीपोत्सव के समय का एक भी पास उपलब्ध नहीं 

HighLights

  1. सात नवंबर को दीपोत्सव में आए श्रद्धालुओं में रामलला के दर्शन की भी चाहत

  2. रामलला व राम परिवार की तीनों आरती के आठ नवंबर तक के सभी आनलाइन पास अनुपलब्ध

लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या : रामनगरी में आयोजित होने जा रहे दीपोत्सव के दसवें संस्करण में आने वाले श्रद्धालुओं में रामलला के दर्शन की भी अभीप्सा दिख रही है। यही कारण है कि दीपोत्सव के दिन के सभी आनलाइन सुगम दर्शन पास पहले ही बुक हो चुके हैं।

सात नवंबर की शाम को दीपोत्सव के समय का एक भी पास उपलब्ध नहीं है, जबकि इसी दिन के सुबह के दो स्लाटों के पास उपलब्ध हैं। इससे एक दिन पूर्व छह नवंबर के छह स्लाटों के पास उपलब्ध हैं, परंतु शाम सात से नौ बजे वाले स्लाट के दर्शन पास अनुपलब्ध हैं।

दूसरी ओर, रामलला व राम परिवार की तीनों आरतियों (मंगला, श्रृंगार व शयन) के आठ नवंबर तक के पास अनुपलब्ध हैं। ऐसा तब है, जब हाल ही में श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत आनलाइन पास का कोटा बढ़ा कर दोगुणा कर दिया है।

राम मंदिर में रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के दो वर्ष बाद ट्रस्ट ने गत 18 अक्टूबर को आनलाइन दर्शन पास का कोटा बढ़ाते हुए प्रतिदिन 2000 कर दिया है। पहले जहां 975 पास ही वेबसाइट से निर्गत होते थे, अब दो हजार बन रहे हैं। एक आनलाइन पास पर अधिकतम पांच श्रद्धालुओं को दर्शन करने की सुविधा है। बावजूद इसके सात नवंबर को दीपोत्सव के समय के पास शेष नहीं बचे हैं। सुबह सात से नौ बजे के 137 और नौ से 11 बजे के 82 पास अभी उपलब्ध हैं।

दीपोत्सव का आयोजन सूर्य ढलने पर शाम को ही होता है। इसी कारण शाम पांच बजे से रात्रि नौ बजे तक के सभी स्लाट के पास बुक कर हैं। हालांकि, ट्रस्टियों की संस्तुति पर एक नवंबर तक आफलाइन दर्शन पास अभी भी बनवाए जा सकते हैं, लेकिन इसके लिए दर्शनार्थियों को यात्री सेवा केंद्रों में कतार लगानी पड़ेगी या ट्रस्टियों से संपर्क करना होगा।

अभी नहीं लागू हुए सात अग्रिम चरण

ट्रस्ट ने आनलाइन दर्शन पास का कोटा तो बढ़ा दिया है, लेकिन सात अग्रिम चरणों को अभी नहीं लागू किया है। ट्रस्ट की ओर से इस पर विचार-विमर्श ही किया जा रहा है। ट्रस्ट ने कोटा दोगुणा करने के साथ 90, 62, 30, 14, सात, तीन व एक दिन पूर्व भी पास की बुकिंग व्यवस्था लागू करने का निर्णय किया था। अभी केवल 15 दिन पहले की पूर्व वाली व्यवस्था लागू है। आनलाइन तत्काल पास भी बनते हैं, लेकिन सुबह छह बजे वेबसाइट पर विकल्प खुलते ही सारे पास चंद मिनटों में बुक हो जाते हैं।